Edited By Shivam, Updated: 01 Jul, 2018 05:25 PM
रोडवेज में चलने वाली अंतर्कलह अब खुलकर सामने आने लगी है, जिसका खामियाजा रोडवेज से सफर करने वाले आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। कर्मचारियों में हुए आपसी झगड़े के चलते आज रोडवेज कर्मचारियों ने रेवाड़ी में बसों का चक्का जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे...
रेवाड़ी(मोहिंदर भारती): रोडवेज में चलने वाली अंतर्कलह अब खुलकर सामने आने लगी है, जिसका खामियाजा रोडवेज से सफर करने वाले आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। कर्मचारियों में हुए आपसी झगड़े के चलते आज रोडवेज कर्मचारियों ने रेवाड़ी में बसों का चक्का जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चक्का जाम के कारण यातायात पूरी तरह से प्रभावित रहा। रेवाड़ी से सफर करने वाले यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
कर्मचारियों के मुताबिक, 2 दिन पूर्व रेवाड़ी डिपो के ड्यूटी क्लर्क अरविंद व रामनिवास का ड्राइवर सुरेंद्र व रामचंद्र के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। बताया जाता है कि ड्राइवर सुरेंद्र में रामचंद्र ने दोनों कर्मचारियों के साथ शराब के नशे में न केवल अभद्रता की, बल्कि मारपीट भी की। कर्मचारियों ने बैठकर अपने स्तर पर मामले को सुलझा लिया था, लेकिन बीते दिन ड्राइवर सुरेंद्र की पत्नी ने दोनों कर्मचारियों के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया।
इसी से गुस्साए रोडवेज कर्मचारियों ने आज रेवाड़ी डिपो के बाहर बसों का चक्का जाम कर दिया और दोनों कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब डेढ़ घंटा चले इस चक्का जाम के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने आकर मामले को शांत कराया और 3 दिन में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर कर्मचारी शांत हुए और जाम खोला।