Edited By Deepak Paul, Updated: 07 Jan, 2019 12:45 PM
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि राहुल गांधी को स्वीकार करना कांग्रेस पार्टी की मजबूरी व कमजोरी हो सकती है लेकिन देश की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी...
हिसार (योगेन्द्र): वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि राहुल गांधी को स्वीकार करना कांग्रेस पार्टी की मजबूरी व कमजोरी हो सकती है लेकिन देश की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। दुनिया के इतिहास में भारत को आगे बढ़ाने व विश्वशक्ति बनाने का जो सफर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ है, उसे हिन्दुस्तान की जनता अब रुकने नहीं देगी।
वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु बालसमंद रोड स्थित मिलेनियम पैलेस में भाजपा के जिलाभर के शक्ति केंद्र पालकों व प्रमुखों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यहां जो महारथी बैठे हैं वह धर्म और न्याय के पक्ष में काम करने वाली उस सेना का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं जिनके बुलंद हौसलों को देखकर कौरव सेना के दिल दहल जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में हमारा मुकाबला ऐसी छोटी सोच वाले दलों से है जो अपने आपसी संघर्ष से जूझ रहे हैं।
उनकी लड़ाई जनहित या समाजहित के लिए नहीं बल्कि अपने अहंकार की तुष्टि करने तक की है। उन्होंने कहा कि जे.जे.पी. को तो मैं नहीं बल्कि इनैलो के नेता ही जमानत जब्त पार्टी कहने लगे हैं। कैप्टन अभिमन्यु ने शक्ति केंद्र प्रमुखों व पालकों से आह्वान किया कि वे अपने अधीन आने वाले बूथों का दौरा करें और प्रत्येक बूथ की सूची लेकर इस बात का विश्लेषण करें कि कैसे अपने बूथ को मजबूत किया जाए।