Edited By Isha, Updated: 24 Jan, 2020 02:10 PM
महेंद्रगढ़ आदर्श रेलवे स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों के लिए बैठने की कोई व्यवस्था न होने के कारण रेलवे के उच्च अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करवाया गया। अधिकारियों की आंख.....
महेंद्रगढ़ (मोहन/ परमजीत) : महेंद्रगढ़ आदर्श रेलवे स्टेशन पर आने जाने वाले यात्रियों के लिए बैठने की कोई व्यवस्था न होने के कारण रेलवे के उच्च अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करवाया गया। अधिकारियों की आंख खुलने के बाद लगभग 200 यात्रियों के बैठने के लिए स्टील की बैंच भेजी गई जो अधिकारियों की लापरवाही के कारण रेलवे स्टेशन के बाहर सरेआम धूल चाट रही है।
दैनिक रेलयात्री महासंघ के प्रधान रामनिवास पाटौदा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस समस्या के बारे में बीकानेर मंडल के उच्च अधिकारियों से अनेक बार दूरभाष व अन्य साधनों से अवगत करवाया गया था। इसके अलावा इस आदर्श रेलवे स्टेशन पर महेंद्रगढ़ के नाम से लाखों रुपए की लागत का एक स्क्रीन बोर्ड आया था जो आर.पी.एफ. कार्यालय के बाहर कूड़े के ढेर के साथ डाला हुआ है जिससे रेल विभाग को तो चूना लग ही रहा है, वहीं यात्रियों को भी मिलने वाली सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है। पाटौदा ने जनहित में रेलवे के उच्च अधिकारियों से स्टेशन पर स्टील की बैंच लगाने व स्क्रीन बोर्ड को उचित स्थान पर लगवाने की मांग की है।