Edited By Isha, Updated: 18 Aug, 2022 02:21 PM
रादौर के गांव बकाना में अमृत सरोवर योजना के तहत तालाब की खुदाई के कार्य में लगे मनरेगा मजदूरों को पिछले एक महीने से कार्य की राशि नहीं मिल पा रही है, जिससे खफा मनरेगा मजदूर आज खंड विकास कार्यालय में पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया
रादौर (कुलदीप सैनी): रादौर के गांव बकाना में अमृत सरोवर योजना के तहत तालाब की खुदाई के कार्य में लगे मनरेगा मजदूरों को पिछले एक महीने से कार्य की राशि नहीं मिल पा रही है, जिससे खफा मनरेगा मजदूर आज खंड विकास कार्यालय में पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इस मौके पर मनरेगा मजदूरों ने जल्द उनकी राशि दिए जाने की मांग की।
वीरवार को खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में पहुंचे मनरेगा मजदूरों ने पिछले एक माह से खुदाई कार्य की राशि न मिलने से खफा होकर रोष प्रदर्शन किया। मनरेगा मजदूरों का कहना है कि मनरेगा की मजदूरी के लिए वे कई बार संबंधित अधिकारियों से गुहार लगा चुके है, लेकिन सिवाय आश्वासन के उन्हें आज तक उनकी मजदूरी नहीं मिल पाई है। जिस कारण उनकी आर्थिक स्थिति भी खराब हो रही है। ऐसे में उनकी मजदूरी जल्द उनके खातों में भेजी जाए।
वही मनरेगा मजदूरों के प्रदर्शन के बाद अतिरिक्त खण्ड कार्यक्रम अधिकारी दिलावर सिंह ने मनरेगा मजदूरों से बातचीत कर जल्द उनकी मजदूरी खातों में आने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मनरेगा मजदूर शांत हुए। वही जब हमारी टीम ने अतिरिक्त खण्ड कार्यक्रम अधिकारी दिलावर सिंह से ऑन कैमरा बात करने के कोशिश की, तो उन्होंने कैमरे के समक्ष कुछ भी बोलने से मना कर दिया। खैर एक तरफ जहां सरकार अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबों की दशा सुधार कर अच्छा कार्य कर रही है, वही रादौर में इस कार्य में लगे मनरेगा मजदूरों की समय पर मजदूरी न मिलने से उनका शासन व प्रशासन के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। ऐसे में अब देखना होगा की योजना से जुड़े अधिकारीयों के जल्द मजदूरी मिलने का आश्वाशन कब तक सिरे चढ़ता है।