Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 24 Sep, 2026 09:33 PM

बुधवार देर को बदमाशों ने न सिर्फ एक युवक की गाड़ी रोककर तोड़फोड़ और लूटपाट का प्रयास किया, बल्कि पुलिस हिरासत में थाने पहुंचने के बावजूद फरियादियों से गाली-गलौच करते हुए जानलेवा हमला कर दिया।
गुड़गांव, (ब्यूरो): बुधवार देर को बदमाशों ने न सिर्फ एक युवक की गाड़ी रोककर तोड़फोड़ और लूटपाट का प्रयास किया, बल्कि पुलिस हिरासत में थाने पहुंचने के बावजूद फरियादियों से गाली-गलौच करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों के बीच बचाव के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में शामिल जांच कर जमानत पर छोड़ दिया गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, मदनपुरी निवासी पीड़ित गौतम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक कार वॉशिंग सेंटर चलाते हैं। बुधवार रात को रेलवे रोड पर हरीश बेकरी की तरफ से न्यू कॉलोनी मोड़ की ओर अपनी गाड़ी से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज़ रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने उन्हें ओवरटेक कर आगे गाड़ी अड़ाकर रास्ता रोक दिया गया। स्कॉर्पियो से उतरे चार युवकों ने गौतम की गाड़ी का दरवाजा खोलने की कोशिश की। नाकाम रहने पर आरोपियों ने कार का शीशा तोड़ डाला, जिससे कांच के टुकड़े लगने से गौतम को चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर धारदार हथियारों से लैस थे और लूटपाट के इरादे से आए थे। गौतम ने किसी तरह गाड़ी भगाकर अपनी जान बचाई। यह पूरी खौफनाक वारदात उनकी कार में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गई।
घटना के तुरंत बाद गौतम ने अपने साथियों रविंद्र कटारिया और संदीप दहिया को मौके पर बुलाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई। जांच के दौरान पुलिस न्यू कॉलोनी मोड़ स्थित साई बाबा मंदिर के पास पहुंची। होटल के कमरा नंबर 105 में आरोपियों को हिरासत में लिया गया । पुलिस ने मौके से आरोपियों को वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया।
पुलिसकर्मी आरोपियों को थाने लेकर पहुंचे। जैसे ही गाड़ी थाने के बाहर रुकी,गाड़ी से नीचे उतरते ही आरोपियो ने शिकायतकर्ता के दोस्त रविंद्र कटारिया और संदीप दहिया पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में रविंद्र और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। झड़प के दौरान रविंद्र कटारिया की सोने की चेन भी गायब हो गई। पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत आरोपियों को दोबारा काबू किया और घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने मेडिकल जांच में आरोपियों द्वारा अत्यधिक शराब का सेवन करने की पुष्टि की है। न्यू कॉलोनी थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार करने के बाद आरोपियों को मामले में शामिल जांच कर जमानत पर छोड़ दिया गया है।