Edited By Isha, Updated: 25 Aug, 2026 11:55 AM
कुरुक्षेत्र जिले के बारवा गांव में 28 वर्षीय विवाहिता शिवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में बेड पर रखी कुर्सी पर बैठी हुई अवस्था में मिला। चुन्नी का एक सिरा उसके गले में था,
कुरुक्षेत्र, (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले के बारवा गांव में 28 वर्षीय विवाहिता शिवानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में बेड पर रखी कुर्सी पर बैठी हुई अवस्था में मिला। चुन्नी का एक सिरा उसके गले में था, जबकि दूसरा छत पर लगे पंखे से बंधा हुआ था। घटना का वीडियो भी सामने आया है। शव की स्थिति को लेकर मायके पक्ष ने हत्या के बाद आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया है।
शिवानी की शादी करीब नौ माह पहले 11 नवंबर 2025 को बारवा निवासी हरप्रीत सिंह के साथ हुई थी। हरप्रीत भादसों शुगर मिल में काम करता है। सूचना मिलने पर पुलिस और मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
मारपीट के बाद मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के पिता बरखा राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब तीन महीने पहले शिवानी के साथ मारपीट हुई थी। इसके बाद ससुराल वाले उसे उसकी बुआ के घर छोड़ गए थे। बाद में पंचायत और बातचीत के बाद शिवानी को दोबारा ससुराल भेजा गया था।
बरखा राम के अनुसार, रविवार रात करीब पौने नौ बजे उन्हें शिवानी के ससुर केहर का फोन आया कि उनकी बेटी ने फांसी लगा ली है। परिवार के लोग बारवा पहुंचे तो शिवानी मृत अवस्था में मिली।
हत्या के बाद फंदे पर लटकाने का आरोप
मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि शिवानी की पहले हत्या की गई और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे पंखे से लटकाया गया। उनका कहना है कि शिवानी के पैर बेड पर थे और शव बेड पर रखी कुर्सी पर बैठी अवस्था में था, इसलिए घटना की परिस्थितियां संदिग्ध हैं।
पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच करवाई। सुसाइड और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कमरे की ऊंचाई, शिवानी की लंबाई और कुर्सी से बेड तक की दूरी समेत अन्य बिंदुओं की जांच की गई।
ससुर पर चरित्र को लेकर शक करने का आरोप
बरखा राम ने आरोप लगाया कि शिवानी ने पहले उन्हें बताया था कि उसका ससुर उसके चरित्र पर शक करता था और उसे ब्लैकमेल भी करता था। इसको लेकर बिरादरी स्तर पर पंचायतें भी हुई थीं। पंचायत में सहमति बनने के बाद 13 अगस्त को शिवानी को उसका पति, ननद और अन्य रिश्तेदार वापस ससुराल लेकर गए थे।
मृतका की मासी प्रेमो ने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि शादी के समय ससुराल वालों ने दहेज नहीं लेने की बात कही थी, लेकिन बाद में करीब 10 तोले सोना और अन्य सामान दिया गया। इसके बावजूद शिवानी को परेशान किया जाता रहा।
ससुर ने कहा- कमरे में पर्दा और दरवाजा बंद था
वहीं, शिवानी के ससुर केहर ने आरोपों को लेकर अलग पक्ष रखा। उनका कहना है कि घटना के समय शिवानी अपने कमरे में थी। कमरे पर पर्दा लगा हुआ था और दरवाजा बंद था। उनके अनुसार, घटना से एक दिन पहले शिवानी के पिता उससे मिलने भी आए थे और उस समय सब कुछ सामान्य था। उन्हें रात में जानकारी मिली कि शिवानी ने फांसी लगा ली है।
पति समेत पांच लोगों पर केस दर्ज
केयूके थाना प्रभारी सुरेंद्र सिद्धू ने बताया कि शिवानी के पिता बरखा राम की शिकायत के आधार पर उसके पति हरप्रीत सिंह, ससुर केहर समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
SHO ने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।