प्रेरणा: 72 साल की उम्र में तीसरी एमए कर रहे हैं जेजेपी विधायक, ऑनलाइन दी परीक्षा

Edited By vinod kumar, Updated: 04 Oct, 2020 10:02 PM

jjp mla doing third ma at age 72

पढ़ाई करने और सीखने की कोई उम्र नहीं होती। खुद को निरंतर बेहतर बनाने की सोच हो तो इन्सान किसी भी उम्र में और कैसे भी हालात में कुछ ना कुछ अच्छा कर सकता है। गुहला से जेजेपी विधायक ईश्वर सिंह ने कोरोना काल में कुछ ऐसा किया है जो हर किसी को प्रेरित...

चंडीगढ़ (धरणी): पढ़ाई करने और सीखने की कोई उम्र नहीं होती। खुद को निरंतर बेहतर बनाने की सोच हो तो इन्सान किसी भी उम्र में और कैसे भी हालात में कुछ ना कुछ अच्छा कर सकता है। गुहला से जेजेपी विधायक ईश्वर सिंह ने कोरोना काल में कुछ ऐसा किया है जो हर किसी को प्रेरित करने लायक है। 72 वर्षीय ईश्वर सिंह ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से राजनीतिक विज्ञान की एमए की प्रथम वर्ष की परीक्षा दी है और वो भी ऑनलाइन तरीके से।

PunjabKesari, haryana

निजी छात्र के तौर पर केयू के साथ खुद को रजिस्टर कर विधायक ईश्वर सिंह ने लॉकडाउन के समय का सदुपयोग कर पढ़ाई की और घर पर ही ऑनलाइन परीक्षाएं दी। शनिवार को उनका आखिरी एग्जाम था। उनका कहना है कि सभी पेपर अच्छे हुए हैं। ईश्वर सिंह ने इससे पहले पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन और इतिहास में भी एमए की है। यही नहीं, वे एलएलबी और एलएलएम भी कर चुके हैं। 

कमाल की बात ये है कि उन्होंने ये सभी डिग्रियां जीवन के उस पड़ाव में की जब आमतौर पर इन्सान पढ़ाई लिखाई से निपट कर पूरी तरह कामकाजी हो जाता है। ये सभी डिग्रियां करने से पहले ईश्वर सिंह 1977 में हरियाणा विधानसभा के सदस्य बन चुके थे और उस वक्त वे सिर्फ दसवीं पास थे। दसवीं के बाद जेबीटी कर वे कुछ समय अध्यापक रहे और एमरजेंसी के वक्त राजनीति में आ गए।

ईश्वर सिंह बताते हैं कि दसवीं पास विधायक तो वे बन गए लेकिन राजनीतिक उठापठक के बीच उसी कार्यकाल के दौरान उन्हें हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का चेयरमैन बनने का भी अवसर मिल गया। यह थी तो एक उपलब्धि लेकिन ईश्वर सिंह के मन के भीतर ये बात चुभने लगी कि वे राज्य के बारहवीं तक के बच्चों के लिए नीतियां बनाने जा रहे हैं जबकि वे खुद दसवीं पास ही हैं। बोर्ड की दूसरी मीटिंग के बाद ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया और निश्चय किया कि अपने जीवन के इस अधूरेपन को पूरा करेंगे।

PunjabKesari, haryana

विधायक का कार्यकाल समाप्त होते ही उन्होंने आगे की पढ़ाई शुरू कर दी। 27 साल की उम्र में विधायक बने ईश्वर सिंह ने जीवन के 34वें साल में 12वीं और 37 वर्ष की उम्र में स्नातक की डिग्री ली। इसके तुरंत बाद उन्होंने इतिहास से एमए की। एमए की परीक्षा देते समय उस वक्त के कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर ने उन्हें एलएलबी करने की सलाह दी। 42 वर्ष की उम्र में ईश्वर सिंह ने एलएलबी भी कर ली और 6 महीने तक कुरुक्षेत्र में वकालत की। वे आज भी कुरुक्षेत्र बार एसोसिएशन के सदस्य हैं। बाद में उन्होंने पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में भी एमए की।

ईश्वर सिंह ने हाल की परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से दी है। वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट से तय समय पर परीक्षा पत्र डाउनलोड करते हैं और फिर उसके जवाब तैयार करते हैं। उत्तर पुस्तिका को स्कैन कर वे इमेल के जरिये तीन घंटे के तय समय में विश्वविद्यालय की दी हुई इमेल पर भेज देते हैं। उनका कहना है कि तकनीक नई जरूर है लेकिन परीक्षा का महत्व जीवन में इतना अधिक है कि उन्होंने इस तकनीक को भी सीख लिया।

PunjabKesari, haryana

उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में उनकी पढ़ाई लिखाई और शिक्षा से जुड़े रहने का बहुत सहयोग मिला है। इसी लगन की बदौलत वे देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा पहुंचे और फिर देश के अनुसूचित जाति आयोग में सदस्य बनने का भी उन्हें अवसर मिला। इस वक्त हरियाणा विधानसभा में जननायक जनता पार्टी के विधायक के तौर पर वे विधानसभा की महत्वपूर्ण समिति के चेयरमैन हैं और वहां भी अपना काम पूरी सजगता के साथ करते हैं। ईश्वर सिंह का कहना है कि इन्सान को जीवन में जब भी कुछ सीखने का अवसर मिले, तभी उसे ग्रहण कर लेना चाहिए और आगे बढ़ते रहना चाहिए।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!