Edited By Manisha rana, Updated: 04 Jun, 2026 09:12 AM

पंचकूला में गैंगस्टरों द्वारा शूटआउट की बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। बुधवार देर रात गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग के शूटरों ने नगर निगम वार्ड-1 की पार्षद के देवर रतन लुबाना पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पंचकूला (उमंग) : पंचकूला में गैंगस्टरों द्वारा शूटआउट की बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। बुधवार देर रात गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग के शूटरों ने नगर निगम वार्ड-1 की पार्षद के देवर रतन लुबाना पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार रतन लुबाना बुधवार रात करीब 12 बजे सेक्टर-5 स्थित स्विस लाउंज से बाहर निकल रहे थे। तभी पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 8 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें एक गोली रतन लुबाना को लग गई। हमले के दौरान बदमाशों ने पिस्टल लोड करते समय दो कारतूस मौके पर गिरा दिए और वारदात को अंजाम देने के बाद यमुनानगर हाईवे की ओर फरार हो गए। घटना के समय डिटेक्टिव स्टाफ का एक जवान मौके पर मौजूद था, जिसने तुरंत बदमाशों का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डिटेक्टिव टीम, क्राइम ब्रांच-26 और एंटी नारकोटिक्स सेल हरकत में आ गए और पंचकूला के मट्टावाला फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी कर दी गई।
नाकाबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर भी की फायरिंग
नाकाबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग की और बेला बिस्टा चौक व नाडा साहिब इलाके में पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाया, हालांकि पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गया। इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटरों के घुटनों में गोलियां लगीं, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया। घायल बदमाशों को पहले पंचकूला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया।
पंजाब के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी जसविंदर और होशियारपुर निवासी हरप्रीत के रूप में हुई है। दोनों पर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े होने का आरोप है। जसविंदर पर पहले से ही हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने इस पूरी वारदात में लगभग 18 राउंड फायरिंग की और उनके पास से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की गई हैं।
दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में मुठभेड़ के बाद पकड़ा
काबिलेजिक्र है कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को कुछ ही घंटों में मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया। इस घटना में एक स्थानीय व्यक्ति भी घायल हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस हमले के पीछे पूरी साजिश क्या थी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)