Edited By Shivam, Updated: 16 May, 2021 12:13 AM
देर रात रोहतक शहर की फतेहपुरी कॉलोनी में तीन बदमाशों ने दो युवकों के साथ जमकर मारपीट की। यही नहीं युवकों पर फायर भी किया गया। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है।
रोहतक (दीपक भारद्वाज): देर रात रोहतक शहर की फतेहपुरी कॉलोनी में तीन बदमाशों ने दो युवकों के साथ जमकर मारपीट की। यही नहीं युवकों पर फायर भी किया गया। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है। बताया जा रहा है कि हमला करने वाले बदमाशों में दो बदमाश बलात्कार के मामले में सजायाफ्ता हैं और लॉकडाउन के चलते फिलहाल पैरोल पर बाहर आए हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, रोहतक पाड़ा मोहल्ला के रहने वाले शिवा, कालू व सहवाग का किसी बात को लेकर फतेहपुरी कॉलोनी के रहने वाले सुरेश व आकाश के साथ झगड़ा हो गया, जिसके बाद शिवा, कालू व सहवाग ने सुरेश व आकाश पर देर रात हमला कर दिया। मारपीट के साथ-साथ फायरिंग भी की गई। हालांकि किसी को गोली नहीं लगी, लेकिन फिर भी सुरेश में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। घटनाक्रम का वीडियो सीसीटीवी में भी कैद हो गया।
ओल्ड सब्जी मंडी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों में से शिवा व कालू सुनारियां जेल में बलात्कार के मामले में 20 साल की सजा काट रहे हैं। लॉकडाउन के चलते उनको पैरोल मिली हुई है। हालांकि उन्होंने इन दोनों की पैरोल रद्द कराने के लिए भी आला अधिकारियों को लिखा था लेकिन देर रात इन्होंने इस घटनाक्रम को अंजाम दे दिया। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटनास्थल से एक पिस्तौल भी बरामद की गई है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)