Edited By Shivam, Updated: 22 Oct, 2020 10:27 PM
कांग्रेस पार्टी 5 नवंबर को हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान किसान कानून के खिलाफ प्राइवेट मेंबर बिल लेकर आएगी। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री व प्रतिपक्ष नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। वे आज रोहतक बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। जहां...
रोहतक (दीपक भारद्वाज): कांग्रेस पार्टी 5 नवंबर को हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान किसान कानून के खिलाफ प्राइवेट मेंबर बिल लेकर आएगी। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री व प्रतिपक्ष नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। वे आज रोहतक बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। जहां उन्होंने बरोदा उपचुनाव के लिए वकीलों से मदद करने की अपील की। गौरतलब है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी रोहतक बार एसोसिएशन के मेंबर है।
किसान कानून के मामले में कांग्रेस ने अब विधानसभा में प्रदेश की जेजेपी-भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। 5 नवंबर को हरियाणा विधानसभा का सत्र होने वाला है। जिसमें कांग्रेस पार्टी इस कानून के खिलाफ प्राइवेट मेंबर बिल लेकर आएगी। यह घोषणा रोहतक पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने की। वहीं उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहुत से ऐसे मुद्दे हैं जिनको इस बार विधानसभा सत्र में उठाया जाएगा। जिसमें सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व घोटालों का रहेगा।
हुड्डा ने रोहतक बार एसोसिएशन में वकीलों से भी मुलाकात की और उन्होंने बरोदा उपचुनाव में वकीलों द्वारा कांग्रेस पार्टी की मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह उनका परिवार है और वे रोहतक बार के सदस्य भी हैं। साथ ही उन्होंने बरोदा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस की 10 साल की सत्ता के दौरान बरोदा विधानसभा का खूब विकास हुआ, लेकिन पिछले 6 साल में बरोदा में मौजूदा सरकार ने कोई भी विकास कार्य नहीं करवाए हैं।