Edited By Updated: 04 Nov, 2016 04:03 PM
गांव कल्हेड़ी-बरसत रोड पर बाइक से भिड़ंत में कॉलेज छात्राओं व अन्य सवारियों से भरा एक थ्री-व्हीलर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। जिसमें एक कॉलेज छात्रा
घरौंडा (टिक्कू): गांव कल्हेड़ी-बरसत रोड पर बाइक से भिड़ंत में कॉलेज छात्राओं व अन्य सवारियों से भरा एक थ्री-व्हीलर सड़क के बीचों-बीच पलट गया। जिसमें एक कॉलेज छात्रा की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन सवारियां मामूली रूप से घायल हो गई। घायलों को नजदीक अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
जानकारी के अनुसार वीरवार लगभग 3 बजे कॉलेज छात्राओं से भरा एक थ्री-व्हीलर घरौंडा से बरसत जा रहा था तो कलहेड़ी-बरसत रोड पर सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। जिससे थ्री-व्हीलर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के बीचों-बीच पलट गया।
हादसे में राजकीय कॉलेज करनाल की बी.ए. द्वितीय की बरसत निवासी छात्रा सपना (19) पुत्री जयभगवान व बाइक सवार घरौंडा निवासी गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि करीब आधा दर्जन सवारियों को मामूली चोटें आई। गंभीर रूप से घायल छात्रा सपना व गौरव को घरौंडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया जहां से उन्हें करनाल रैफर कर दिया लेकिन छात्रा सपना ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक सवार गौरव की हालत गंभीर देखते हुए करनाल से पी.जी.आई. चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस जांच अधिकारी जयनारायण ने बताया कि कल्हेड़ी-बरसत रोड पर बाइक व थ्री-व्हीलर की भिड़ंत में एक छात्रा सपना की मौत होने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है।