Edited By Krishan Rana, Updated: 19 May, 2026 03:00 PM

हिसार रेंज के ADGP केके राव ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों (SP) को एडवाइजरी जारी करते हुए
फतेहाबाद : जिले के रतिया क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान एक ASI की मौत के बाद हिसार रेंज पुलिस प्रशासन ने पुलिस कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। हिसार रेंज के ADGP केके राव ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों (SP) को एडवाइजरी जारी करते हुए 45 वर्ष से अधिक आयु के पुलिस कर्मचारियों को नाकों और ट्रैफिक प्वाइंट की ड्यूटी से हटाने के निर्देश दिए हैं। आदेश जारी होने के बाद जिला पुलिस ने ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार अगले दो दिनों में ड्यूटी में बदलाव कर दिया जाएगा।
ADGP द्वारा जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि भीषण गर्मी के दौरान लंबे समय तक नाकाबंदी करने से पुलिस कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नाके पर लगातार तीन घंटे से अधिक ड्यूटी न लगाई जाए। यदि कोई विशेष अलर्ट या घटना नहीं हो तो सुबह 11 से शाम 4 बजे तक नाके हटाए जा सकते हैं।
एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि 45 वर्ष से अधिक आयु वाले पुलिस कर्मचारियों को अब थाना, चौकी और कार्यालय स्तर की जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। उन्हें फील्ड में लंबे समय तक खड़े रहने वाली ड्यूटी से राहत दी जाएगी। पुलिस विभाग का मानना है कि इससे कर्मचारियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सकेगा।
पुरानी घटना के बाद लिया गया फैसला
ADGP ने अपने पत्र में 12 मई को हुई फतेहाबाद की घटना का विशेष उल्लेख किया है। बता दें कि सरदूलगढ़ नाके पर ड्यूटी के दौरान ASI जगदीशचंद्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। ड्यूटी के दौरान गिरने से उनकी गर्दन में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्य परिस्थितियों को लेकर गंभीर मंथन शुरू हुआ।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)