Edited By Shivam, Updated: 01 May, 2020 10:52 PM
लॉकडाउन में यमुनापार कराने का झांसा देकर यमुना किनारे खड़ी महिला के साथ सनौली थाना क्षेत्र में गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया है। गनीमत रही कि महिला जान बचाकर उनकी बाइक से कूद गई, वरना हैवान महिला को अन्य युवकों के हवाले भी करने वाले थे।
पानीपत (सचिन): लॉकडाउन में यमुनापार कराने का झांसा देकर यमुना किनारे खड़ी महिला के साथ सनौली थाना क्षेत्र में गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया है। गनीमत रही कि महिला जान बचाकर उनकी बाइक से कूद गई, वरना हैवान महिला को अन्य युवकों के हवाले भी करने वाले थे।
पानीपत में यमुना से सटे इलाके में मदद के नाम पर गैंगरेप करने की घटना सामने आई है। गैंगरेप का शिकार महिला ने बताया कि वह लॉक डाउन में पानीपत मायके से यमुना के रास्ते दूसरी तरफ जा रही थी। यमुना किनारे महिला उत्तर प्रदेश की तरफ से आने वाले अपने पति का इंतजार कर रही थी।
इसी दौरान महिला ने यमुना किनारे मौजूद कुछ लड़कों से मदद मांगी कि उसके पति को फोन कर सूचना दे दें कि उसकी पत्नी इस तरफ खड़ी है। हैवान बने युवक गलत इरादे से महिला को मदद करने के बहाने खेतों में बने कोठडे पर ले गए और जहां पर बारी-बारी महिला के साथ गैंगरेप किया।
पीड़ित महिला ने बताया कि गैंगरेप के बाद भी नहीं मन भरा तो आरोपी लड़के महिला को बाइक पर लेकर दोस्तों के हवाले करने जा रहे थे। इसी दौरान किसी प्रकार महिला बाइक से कूद गई और खेतों में बने एक मकान में जा पहुंची जहां पर किसानों ने महिला को हैवानों से बचा लिया। उसके बाद जब महिला का पति पहुंचा तो पत्नी के हालात देखकर दोनों थाने में पहुंचे और आरोपियों की शिकायत की।
पीड़िता का आरोप है कि सुबह से शाम तक सनौली थाना पुलिस भी मामला दर्ज करने में आनाकानी करती रही। उल्टे महिला से ही अनाप सनाप सवाल पूछे गए। देर शाम पुलिस ने 4 युवकों पर मामला दर्ज किया। उधर इस मामले पर डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि महिला की शिकायत पर सनौली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।