Edited By Rakhi Yadav, Updated: 26 Jun, 2018 09:02 AM
करनाल के सांसद द्वारा कांग्रेस में हाल ही में शामिल हुई हरियाणवी गायिका सपना चौधरी के बारे में अपमान जनक टिप्पणी करने पर कांग्रेस की पूर्व विधायक सुमिता सिंह ने आपत्ति जताते हुए इसे महिलाओं का....
करनाल(पांडेय): करनाल के सांसद द्वारा कांग्रेस में हाल ही में शामिल हुई हरियाणवी गायिका सपना चौधरी के बारे में अपमान जनक टिप्पणी करने पर कांग्रेस की पूर्व विधायक सुमिता सिंह ने आपत्ति जताते हुए इसे महिलाओं का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए भाजपा तथा सांसद को माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने बताया वैसे तो भाजपा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की बात करती है लेकिन भाजपा सांसद महिलाओं का अपमान करते हैं इसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा और करनाल में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे हैं। महिलाएं चांद पर जा रही हैं। आज महिलाएं पुरुषों से आगे हैं। किसी भी महिला का कोई भी प्रोफेशन हो सकता है।
भाजपा सांसद ने जिस तरह सपना चौधरी को ठुमके लगाने वाली बताया उससे उनकी तथा उनकी पार्टी की महिला विरोधी मानसिकता उजागर होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा नारी का सम्मान किया है। महिलाओं के सम्मान की खातिर संघर्ष किया है। भाजपा नेता महिलाओं का सम्मान नहीं करते है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला विरोधी मानसिकता वाले भाजपा सांसद अश्विनी चोपड़ा का विरोध करेगी। इसके लिए पार्टी लोगों के बीच जाएगी। उन्होंने आला कमान से स्थिति साफ करते हुए भाजपा सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।