Edited By Harman, Updated: 11 Oct, 2026 10:07 AM

मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा की कोठी का बकाया करीब 27 लाख 17 हजार रुपए पीनल रैट माफ कर दिया गया
चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा की कोठी का बकाया करीब 27 लाख 17 हजार रुपए पीनल रैट माफ कर दिया गया जबकि पूर्व चेयरमैन राजवीर सिंह फौगाट पर करीब 4 लाख रुपए की पैनल्टी लगाई गई है। राजवीर पूर्व की मनोहर सरकार में जजपा कोटे से हाऊसिंग बोर्ड के चेयरमैन थे जहां पंचकूला के सैक्टर-12ए में सरकारी कोठी खाली नहीं करने पर 38 लाख रुपए पीनल रैट लगाया गया था। मंत्रिमंडल की बैठक में इस मामले पर काफी देर तक चर्चा हुई और अधिकांश मंत्रियों ने सभी के लिए एक समान नियम बनाने की बात कही।
हुड्डा की कोठी का पीनल रैंट अगस्त 2024 से वर्ष 2025 के अंत तक सरकारी आवास में निर्धारित अवधि से अधिक समय तक रहने के कारण लगा है। उस समय उनके पास नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नहीं था। उन्होंने सरकार से पीनल रैंट माफ करने का अनुरोध किया था जिसके बाद इस संबंध में प्रक्रिया शुरू की गई। यह प्रस्ताव कुछ महीने पहले भी कैबिनेट बैठक में लाया गया था लेकिन 3 मंत्रियों की आपत्ति के बाद इसे टाल दिया गया था। अब इसे दोबारा कैबिनेट के समक्ष रखा गया और पीनल रैंट माफ कर दिया गया है।
जानें क्या है पीनल रेंट रुल
हरियाणा लोक निर्माण विभाग के नियमानुसार नई सरकार बनने के बाद मंत्री या विधायक को 15 दिन के भीतर सरकारी आवास खाली करना होता है। निर्धारित समय में आवास खाली नहीं करने पर पीनल रेंट लगाया जाता है। नियमों अनुसार पहले महीने में सामान्य किराए का 50 गुना, दूसरे महीने में 100 गुना और तीसरे महीने में 200 गुना किराया वसूलने का प्रावधान है। इसके बाद भी आवास खाली नहीं होने पर चौथे महीने से 400 गुना किराया वसूला जाता है।