Edited By Harman, Updated: 25 May, 2026 03:37 PM

फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान अब निर्णायक और प्रभावी मोड़ पर पहुंच चुका है। पुलिस की रणनीति में आए बदलाव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब नशा तस्करों को केवल गिरफ्तार कर जेल भेजना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई...
फतेहाबाद (रामेश भट्ट) : फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान अब निर्णायक और प्रभावी मोड़ पर पहुंच चुका है। पुलिस की रणनीति में आए बदलाव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब नशा तस्करों को केवल गिरफ्तार कर जेल भेजना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई और उससे अर्जित संपत्तियों पर भी कानून का शिकंजा कसना जरूरी है।
इसी “डबल एक्शन” रणनीति के तहत फतेहाबाद पुलिस ने 2 कुख्यात नशा तस्करों की लगभग 23 लाख रुपये की अवैध संपत्तियों को फ्रीज किया है, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी जा रही है। वहीं अब तक कुल 7 नशा तस्करों की लगभग 1.75 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियों को कानून के दायरे में लाया जा चुका है। पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर, आईपीएस के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत यह कार्रवाई एएसपी दिव्याशीं सिंगला, आईपीएस की निगरानी में विभिन्न पुलिस इकाइयों द्वारा समन्वित रूप से की गई।
सीआईए फतेहाबाद की कार्रवाई
सीआईए फतेहाबाद ने *आरोपी विकास पुत्र तेजा सिंह निवासी ढाणी ढाबी खुर्द, थाना भट्टू कलां, जिला फतेहाबाद* के खिलाफ वर्ष 2025 में उसके कब्जे से 5.27 ग्राम हेरोइन बरामद होने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं, जिससे वह आदतन नशा तस्कर साबित हुआ। उल्लेखनीय है कि आरोपी के खिलाफ पहला अभियोग वर्ष 2019 में दर्ज हुआ था।
गहन वित्तीय जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी की संपत्तियां उसकी वैध आय से कई गुना अधिक हैं। इसके आधार पर एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-F(1) के तहत कार्रवाई करते हुए उसका 7 कनाल में बना रिहायशी मकान, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16.60 लाख रुपये है, फ्रीज किया गया। यह कार्रवाई SAFEMA, नई दिल्ली की स्वीकृति के बाद अमल में लाई गई।
वही दूसरे मामले में आरोपी हेतराम उर्फ हेतु पुत्र सांगा राम निवासी महमड़ा को वर्ष 2020 में 42 किलोग्राम चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से चूरा पोस्त व अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त था। फाइनेंशियल प्रोफाइलिंग के दौरान उसकी संपत्ति संदिग्ध पाई गई। इसके चलते उसकी एक स्विफ्ट कार नंबर HR-20P-2790, एक Ritz VDI कार नंबर HR-26BD-9616 तथा एक मोटरसाइकिल CT-100 नंबर HR-59E-3695, जिनकी कुल कीमत करीब 6.10 लाख रुपये है, को फ्रीज किया गया।
यह कार्रवाई स्पष्ट करती है कि फतेहाबाद पुलिस केवल मुख्य आरोपियों तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा तस्करी की सप्लाई चेन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। फतेहाबाद पुलिस का ‘डबल एक्शन’ जारी : नशा तस्करों पर बड़ी चोट, अवैध संपत्तियां भी कानून के शिकंजे में, 2 तस्करों की 23 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति फ्रीज, वर्तमान बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये,अब तक 7 तस्करों की लगभग 1.75 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज ।