Edited By Harman, Updated: 04 Jun, 2026 11:24 AM

हरियाणा सरकार ने किसानों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित एक मसाला कंपनी और प्रदेश के छह किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के बीच समझौता कराया है।
हरियाणा डेस्क : हरियाणा सरकार ने किसानों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित एक मसाला कंपनी और प्रदेश के छह किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के बीच समझौता कराया है।
पंचकूला के मोरनी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में हुए इस करार से हरियाणा के किसानों को तंजानिया, केन्या और अन्य अफ्रीकी देशों में खेती व कृषि व्यापार के अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मोरनी क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रारंभिक चरण में लगभग 4 हजार एकड़ भूमि पर खेती शुरू करने की योजना बनाई गई है। इस परियोजना के तहत अदरक, हल्दी, मिर्च सहित विभिन्न मसाला फसलों की व्यावसायिक खेती को प्रोत्साहन मिलेगा। कंपनी किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, विपणन और खरीद संबंधी सहयोग उपलब्ध कराएगी। प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों का बाजार भाव से 10 प्रतिशत अधिक मूल्य देने का भी प्रावधान किया गया है। किसानों को किसी प्रकार का नुकसान होने पर सहायता देने की व्यवस्था भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में यदि हरियाणा के एफपीओ अफ्रीकी देशों में भूमि लेकर खेती करते हैं तो यह कंपनी वहां उत्पादित फसलों की खरीद के लिए भी तैयार रहेगी। इससे हरियाणा के किसानों को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला और अंतरराष्ट्रीय कृषि व्यापार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।