Edited By Rakhi Yadav, Updated: 27 Jun, 2018 08:01 AM
कैबिनेट मंत्री रामबिलास शर्मा ने शिक्षा विभाग से कर्मचारियों से उनकी सम्पत्ति के ब्योरे के बारे में जानकारी होने से पल्ला झाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। अगर जारी किए पत्र में गलत....
चंडीगढ़(धरणी) : कैबिनेट मंत्री रामबिलास शर्मा ने शिक्षा विभाग से कर्मचारियों से उनकी सम्पत्ति के ब्योरे के बारे में जानकारी होने से पल्ला झाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। अगर जारी किए पत्र में गलत सवाल होंगे तो पत्र वापस होगा।
गौरतलब है कि शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों से उनकी सम्पत्ति का ब्यौरा मांगे जाने पर भी हायतौबा मची है। इसकी वजह है वह प्रोफॉर्मा जिसमें शिक्षकों से उल-जुलूल बातें पूछी गई हैं। दरअसल यह प्रोफॉर्मा हरियाणा के गठन के बाद से बदला ही नहीं गया। इसमें कई ऐसे सवाल पूछे गए हैं जो कतई व्यवहारिक नहीं हैं।
शर्मा ने कहा कि अधिकारियों से जानकारी इकट्ठा करना रूटीन की बात है। अब तमाम चीजों को डिजीटलाइज किया जा रहा है लेकिन यदि शिक्षकों और अधिकारियों से कोई बेहुदा सवाल पूछा गया है तो इस चिट्ठी का अध्ययन करके उसे निरस्त कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2019 के प्रत्याशियों में बदलाव के लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि इस बार कई सांसदों का टिकट कटेगा। हरियाणा से कई लोकसभा सांसदों का टिकट कटना तय है। इस पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ बैठक में मंथन हो चुका है।