Edited By Isha, Updated: 21 Jan, 2020 01:32 PM
जींद में बदमाशो के हौसले कितने बुलंद है इसका ताजा उदाहरण सामने आया है। 2 बाइक सवार बदमाशों ने शहर की हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में सोमवार दोपहर को 21 वर्षीय युवक बलकार की 2 गोली मारकर
जींद(जसमेर)- जींद में बदमाशो के हौसले कितने बुलंद है इसका ताजा उदाहरण सामने आया है। 2 बाइक सवार बदमाशों ने शहर की हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में सोमवार दोपहर को 21 वर्षीय युवक बलकार की 2 गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए। युवक को गोली मारने की वारदात आसपास के घरों में लगी सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मनोहरपुर गांव का 21 वर्षीय युवक बलकार फिलहाल जींद की हाऊसिंग बोर्ड कालोनी के एक मकान में रहता था। सोमवार दोपहर बलकार बाइक पर सवार होकर शहर के सफीदों रोड से अपने घर जा रहा था। जब वह घर के समीप पहुंचा तो उसका पीछा कर रहे बाइक सवार 2 युवकों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बाइक सवार युवकों ने बलकार पर 3 फायर किए। इसमें 2 गोली बलकार को लगी और उसके बाद वह बाइक के साथ गली में ही गिर गया। बाइक सवार युवक बलकार को गोली मारने के बाद मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आस पड़ौस के लोग घरों से बाहर निकले। इसके बाद बलकार को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौका-ए-वारदात से एक गोली का खाली खोल गली में पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक बलकार की पुरानी रंजिश के चलते गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस जांच में जुटी हुई है और हत्यारों की तलाश में लगी हुई है। पुलिस ने अभी मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।