Edited By Isha, Updated: 16 Jun, 2026 08:31 AM

सड़क पर की गई एक छोटी सी लापरवाही कितनी बड़ी तबाही ला सकती है, इसका एक खौफनाक मंजर करनाल में देखने को मिला है। यहाँ एक खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुलने से उससे टकराकर बाइक सवार दो
करनाल: सड़क पर की गई एक छोटी सी लापरवाही कितनी बड़ी तबाही ला सकती है, इसका एक खौफनाक मंजर करनाल में देखने को मिला है। यहाँ एक खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुलने से उससे टकराकर बाइक सवार दो सगे भाई सड़क पर गिर गए, जिन्हें पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बेरहमी से कुचल दिया। दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठे उनकी मां और मामा गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
चश्मदीदों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई अपनी मां और मामा के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार के चालक ने बिना पीछे देखे अचानक गाड़ी का दरवाजा खोल दिया।रफ्तार में आ रही बाइक सीधे कार के दरवाजे से टकराई, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और चारों सड़क पर जा गिरे। ठीक उसी पल पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर को संभलने का मौका नहीं मिला और उसने दोनों भाइयों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है। एक साथ दो सगे बेटों की मौत से परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। घायल मां और मामा को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने कार चालक और डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है।