Edited By Isha, Updated: 15 Jul, 2020 04:32 PM
व्यक्ति की मौत के बाद डेथ सर्टिफिकेट लेने में परिजनों के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान को हल करने के लिए अंबाला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। प्रशासन द्वारा अब अब अंबाला के
अंबाला(अमन): व्यक्ति की मौत के बाद डेथ सर्टिफिकेट लेने में परिजनों के सामने आने वाली समस्याओं के समाधान को हल करने के लिए अंबाला प्रशासन ने अहम कदम उठाया है। प्रशासन द्वारा अब अंबाला के श्मशानों में मृतक का ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज करने का फैसला लिया गया है। इसके लिए बकायदा नगर परिषद की तरफ से श्मशानों में टैब भी दिए जाएंगे और संस्कार के समय ही मृतक की जानकारी ऑनलाइन अपलोड कर दी जाएगी।
डिजिटल होते जा रहे भारत में अब श्मशानों को भी डिजिटल करने की शुरुआत हरियाणा के अंबाला छावनी से की जा रही है। दरअसल अभी तक मृतक का ब्यौरा श्मशानों में पर्चियों में ही दर्ज किया जाता है जिसके बाद मृतक के घर वालों को मृतक का डेथ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए नगर निगम और नगर परिषदों के कई चक्कर काटने पड़ते हैं। ऐसे में अब अंबाला छावनी नगर परिषद ने इसी परेशानी का संज्ञान लेते श्मशानों को डिजिटल करने का फैसला लिया है जिसकी शुरुआत अंबाला छावनी से की जा रही है।
अधिकारीयों ने बताया कि अब श्मशानों में नगर परिषद की तरफ से टैब दिए जाएंगे जिसके बाद मृतक की जानकारी को टैब में ऑनलाइन दर्ज किया जायेगा और ये जानकारी सीधे नप तक जा पहुंचेगी। अधिकारीयों का कहना है कि इसकी शुरुआत से डेथ सर्टिफिकेट लेने में आने वाली परेशानियां खत्म हो जाएँगी।