Edited By Rakhi Yadav, Updated: 05 Apr, 2018 10:00 AM
हरियाणा सरकार ने जिला यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल में 450.71 लाख रुपए की लागत से सरस्वती नदी के पास 20 ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन परियोजनाओं का निर्माण करने का निर्णय लिया है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी...
चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा सरकार ने जिला यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और कैथल में 450.71 लाख रुपए की लागत से सरस्वती नदी के पास 20 ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन परियोजनाओं का निर्माण करने का निर्णय लिया है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इन परियोजनाओं का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए हरियाणा ग्रामीण विकास कोष प्रशासक बोर्ड से 450.71 लाख रुपए की राशि जारी करने को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
जिलावार विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि जिला यमुनानगर में 222.51 लाख रुपए की लागत से 10 ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन परियोजनाओं का, जिला कुरुक्षेत्र में 176.06 लाख रुपए की लागत से 9 परियोजनाओं और जिला कैथल में 52.14 लाख रुपए की लागत से ऐसी एक परियोजना का निर्माण किया जाएगा।
जिला यमुनानगर में गांव छल्लौर, मोहरी, खेड़ा ब्रह्माणा, तेही जाटां, पाबनी कलां, दौलतपुर, ऊंचा चांदना, खेड़ा खुर्द, खेड़ी दर्शन सिंह और फतेहपुर में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन परियोजनाओं का निर्माण किया जाएगा। इसी प्रकार, जिला कुरुक्षेत्र में गांव अमरगढ़ माजरा, नरकातारी, ज्योतिसर, गढ़ी रौदां, रामगढ़, कासीथल, बोधला, ऊंतसल एवं कौलपुर में और जिला कैथल में गांव सौथा में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन परियोजनाओं का निर्माण किया जाएगा।