Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 08 Oct, 2026 02:41 PM

एसआईआर प्रक्रिया को तुरंत रद्द करने, मतदान प्रक्रिया को ईवीएम प्रक्रिया से हटाकर पुन: बैलेट पेपर पर चुनाव कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार गुप्ता के इस्तीफे की मांग को लेकर आज कांग्रेस सड़कों पर उतर आई।
गुड़गांव, (ब्यूरो): एसआईआर प्रक्रिया को तुरंत रद्द करने, मतदान प्रक्रिया को ईवीएम प्रक्रिया से हटाकर पुन: बैलेट पेपर पर चुनाव कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार गुप्ता के इस्तीफे की मांग को लेकर आज कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। कांग्रेसियों ने गुड़गांव में जोरदार प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने कहा कि जब तक उनकी सुनवाई नहीं हो जाती तब तक कांग्रेस सड़कों पर ही रहेगी।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
गुड़गांव में हुए प्रदर्शन की अध्यक्षता पूर्व विधायक वीरेंद्र पाल ने की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है। पहले तो भाजपा केवल वोट चोरी करती थी, लेकिन अब तो सरकार ही चोरी करने लगी है। हरियाणा में चलाई जा रही सरकार चोरी की सरकार है अन्यथा मुख्यमंत्री नायब सिंह को चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले कैसे पता था कि भाजपा के कितने प्रत्याशी जीत रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी भाजपा के खिलाफ आवाज उठाता है उसे दबाने का हर संभव प्रयास किया जाता है जिसके विरोध में ही आज वह सड़कों पर उतरने को विवश हुए हैं।
वहीं, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शहरी पंकज डावर ने कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या कर दी है। आज दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी जनता के हक की लड़ाई लड़ रही है, लेकिन दिल्ली पुलिस उनके साथ-साथ जंतर मंतर की तरफ जाने वाले हर कांग्रेसी से बर्बरता करने पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस वक्त पूरी तरह से बौखलाई हुई है और अपनी सरकार बचाने का हर हथकंडा अपना रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के तहत देश भर से करीब 13 कराेड़ मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए हैं। जबकि यह सभी मतदाता जीवित है, लेकिन किसी को मृत बताकर तो किसी को कोई और बहाना बनाकर मतदाता सूची से बाहर कर दिया है।
वहीं, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि भाजपा ने अपने ही खास व्यक्ति को मुख्य चुनाव आयुक्त लगाया है ताकि लोकतंत्र की हत्या कर वोट ही नहीं बल्कि सरकार भी चोरी की जा सके। वर्तमान की भाजपा सरकार को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एसआईआर को तुरंत रद्द करने की मांग भी कर रही है। गुड़गांव में हुए कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन कमान सराय स्थित कांग्रेस कार्यालय से अग्रवाल धर्मशाला चौक तक पहुंचा। इस दौरान कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अग्रवाल धर्मशाला चौक पर कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेसियों ने कहा कि वह जल्द ही पीएम आवास का घेराव करेंगे।