Edited By Harman, Updated: 05 Oct, 2026 02:21 PM

रोहतक में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की मर्सी चांस परीक्षाओं को लेकर उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया जब छात्र संगठन ने परीक्षा से पहले कथित तौर पर 20 से 25 हजार रुपए में प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाने का दावा किया।
रोहतक : रोहतक में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की मर्सी चांस परीक्षाओं को लेकर उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया जब छात्र संगठन ने परीक्षा से पहले कथित तौर पर 20 से 25 हजार रुपए में प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाने का दावा किया। एन.एस. ओ. की ओर से इस संबंध में व्हाट्सएप चैट और ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने रखने का दावा किया गया है।
कथित चैट में पेपर के सॉल्यूशन के लिए भुगतान करने और उत्तर पुस्तिका खाली नहीं छोड़ने जैसी बातें लिखी बताई गई हैं। मामले ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र और गोपनीयता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सामने आई कथित चैट अनुसार, परीक्षा में मदद के नाम पर छात्रों को एक वॉट्सएप ग्रुप से जोड़ने और पेपर का समाधान उपलब्ध करवाने की बात कही गई। चैट में कथित तौर पर लिखा गया कि यदि पूरा समाधान चाहिए तो इसके लिए भुगतान करना होगा। साथ ही परीक्षार्थी को उत्तर पुस्तिका खाली नहीं छोडने की हिदायत दिए जाने का भी दावा है। यदि इन दावों की पुष्टि होती है तो यह परीक्षा की निष्पक्षता और गोपनीयता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है।
रोल नंबर और परीक्षा केंद्र तक मांगे जाने का दावा
कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग में एक छात्र की ओर से गणित के पेपर की मांग किए जाने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक जवाब देने वाला रोल नंबर और परीक्षा केंद्र के कमरे वाला व्यक्ति की कथित तौर पर छात्र से जानकारी मांगता है। इसके बाद परीक्षा दौरान ही पूरा हल किया हुआ पेपर उपलब्ध करवाने का भरोसा दिए जाने का दावा किया गया है।
फ्लाइंग स्क्वायड से सुपरवाइजर तक हिस्सेदारी का आरोप
एन.एस.ओ. के प्रदेशाध्यक्ष सुधीर सहारण ने आरोप लगाया कि कथित ऑडियो में परीक्षा से जुड़े विभिन्न स्तरों पर लोगों की हिस्सेदारी की बात कही गई है। इनमें फ्लाइंग स्क्वाड, परीक्षा नियंत्रक विभाग के कर्मचारियों और परीक्षा केंद्र के सुपरवाइजर तक के नाम आने का दावा किया गया है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में कथित रिकॉडग की सत्यता और उसमें किए गए दावों की जांच ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने ला सकती है।
शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई : परीक्षा नियंत्रक
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राहुल ऋषि ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षाएं संचालित कर रहा है और फिलहाल पेपर लीक या बिक्री से संबंधित कोई शिकायत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि यदि कोई साक्ष्य या शिकायत सामने आती है तो मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित परीक्षा केंद्र को रद्द करने सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी
मर्सी चांस परीक्षा में आखिरी मौका
विश्वविद्यालय में 5 सितम्बर से मर्सी चांस परीक्षाएं शुरू हुई हैं। इन परीक्षाओं के माध्यम से पुराने लंबित कंपार्टमेंट वाले विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पूरी करने का अवसर दिया जा रहा है। ऐसे में परीक्षा से जुड़े कथित पेपर बिक्री के आरोप सामने आने से उन हजारों विद्यार्थियों की मेहनत और भविष्य को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, जो नियमों के तहत परीक्षा देरहे हैं।
चैट की जांच से होंगे खुलासे
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि वॉट्सऐप चैट और ऑडियो रिकॉर्डिंग में किए गए दावे कितने वास्तविक हैं। यदि रिकॉर्डिंग और चैट की तकनीकी जांच में आरोपों की पुष्टि होती है तो यह केवल पेपर उपलब्ध कराने तक सीमित मामला नहीं रहेगा, बल्कि परीक्षा केंद्रों की निगरानी और गोपनीयता व्यवस्था की व्यापक जांच का विषय बन सकता है। वहीं, यदि दावे गलत पाए जाते हैं तो इसकी जिम्मेदारी भी तय की जानी जरूरी होगी। अब निगाह विश्वविद्यालय प्रशासन की जांच और सामने आने वाले साक्ष्यों पर टिकी है।