Edited By Harman, Updated: 13 Jun, 2026 11:32 AM

हरियाणा के नूंह जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। जबकि एक बच्चा और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
नूंह (अनिल मोहनिया) : नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बघौला गांव के पास एक्सप्रेसवे के 64/170 किलोमीटर प्वाइंट पर हुआ, जहां जयपुर से दिल्ली जा रही एक अल्काजार कार सड़क किनारे खड़े केले से भरे आयशर कैंटर में पीछे से जा भिड़ी।
जानकारी के अनुसार आयशर कैंटर सुबह करीब 6:24 बजे एक्सप्रेसवे पर आकर खड़ा हुआ था। लगभग 11 मिनट बाद सुबह 6:35 बजे तेज रफ्तार अल्काजार कार कैंटर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला। मृतकों की पहचान पूनम (37) निवासी शिव कुंडा की तलाई, नाटाटा रोड, थाना आमेर, जयपुर, खुशी (16), केशव (26) निवासी कोटपूतली तथा डूग्गी (12) के रूप में हुई है। हादसे में जवाहर (62) और चेतन (साढ़े तीन वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार में किसी बात को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक महिला के पिता का 15 दिन पहले कैंसर के कारण निधन हो गया था।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अल-आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। वहीं दुर्घटनाग्रस्त आयशर कैंटर को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आयशर कैंटर एक्सप्रेसवे पर किन परिस्थितियों में खड़ा था और क्या चालक द्वारा आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।