Edited By Isha, Updated: 06 Mar, 2020 09:13 AM
हरियाणा के ऊर्जा एवं जेल मंत्री चौ. रणजीत सिंह द्वारा 8 मार्च को अपने निर्वाचन क्षेत्र के बड़े गांव खारियां में आयोजित की जा रही प्रगति रैली में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ...
डेस्क : हरियाणा के ऊर्जा एवं जेल मंत्री चौ. रणजीत सिंह द्वारा 8 मार्च को अपने निर्वाचन क्षेत्र के बड़े गांव खारियां में आयोजित की जा रही प्रगति रैली में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ-साथ अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी शिरकत करेंगे।
गौरतलब है कि पूर्व में कई रैलियों के जरिए अपनी सियासी ताकत का अहसास करवा चुके पूर्व उप प्रधानमंत्री चौ. देवी लाल के बेटे रणजीत सिंह द्वारा मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने निर्वाचन क्षेत्र में की जा रही इस रैली को उनके शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। इस रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा का आना सियासी तौर पर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है और राजनीतिक पर्यवेक्षक इसके कई संकेत मान रहे हैं।
कुछ भी हो मगर रणजीत सिंह द्वारा आयोजित इस रैली में सी.एम. खट्टर व नड्डा के आने से निश्चित तौर पर रणजीत सिंह का सियासी कद बढ़ेगा। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जे.पी. नड्डा का यह पहला हरियाणा दौरा होगा और वे अध्यक्ष के तौर पर प्रदेश में पहली बड़ी रैली को संबोधित करेंगे, वहीं दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद मनोहर लाल खट्टर का यह पहला सिरसा जिला का दौरा होगा।