Edited By Deepak Paul, Updated: 19 Mar, 2019 10:46 AM
जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के उस बयान...
चंडीगढ़(बंसल): जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय चौटाला ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला के उस बयान की कड़ी आलोचना की है, जिसमें बराला ने कहा था कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के गठबंधन के प्रस्ताव वाली चि_ी फाड़कर कूड़ेदान में फैंक दी है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भले ही वे राजनीतिक रूप से किसी भी तरह इनैलो या ओम प्रकाश चौटाला के साथ नहीं हैं लेकिन सुभाष बराला को यह ध्यान रखना चाहिए कि ओमप्रकाश चौटाला 5 बार मुख्यमंत्री रहे और 84 वर्षीय बुजुर्ग के बारे में ओछी बात कर रहे हैं।
दिग्विजय ने कहा कि इस भद्दी टिप्पणी के लिए सुभाष बराला और भारतीय जनता पार्टी को तुरंत माफी मांगनी चाहिए। दिग्विजय चौटाला ने हैरानी जताई कि सुभाष बराला की टिप्पणी के 2 दिन बाद तक भी इनैलो के किसी नेता में उनकी आलोचना करने तक की हिम्मत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इनैलो पूरी तरह भाजपा के सामने नतमस्तक है और ऐसा लगता है कि इनैलो नेता मनोहर लाल खट्टर को ही दोबारा मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं।
दिग्विजय ने कहा कि भाजपा नेताओं का घमंड चरम पर है और इनैलो अपना अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रही है लेकिन इस जद्दोजहद में किसी बुजुर्ग और प्रदेश के वरिष्ठ राजनेता को घसीटना और अपमानित करना अशोभनीय है। ओम प्रकाश चौटाला के पौत्र होने के नाते वे इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते।