‘वोट चोरी’ के आरोपों पर बोले अनिल विज- राहुल गांधी लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कर रहे प्रहार, उनकी नसों में इंदिरा गांधी की तानाशाही वाली तासीर

Edited By Krishan Rana, Updated: 27 Sep, 2026 06:55 PM

anil vij said on the allegations of  vote theft   rahul gandhi is attacking dem

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग, एसआईआर और मतदाता सूचियों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग, एसआईआर और मतदाता सूचियों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने तीखा पलटवार किया। विज ने कहा कि “राहुल गांधी बार-बार देश की स्वतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर प्रहार कर रहे हैं। उनकी नसों में उनकी दादी इंदिरा गांधी की तानाशाही वाली तासीर है।”

विज ने कहा कि “राहुल गांधी जिस तरह लगातार चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं, उससे ऐसा लगता है कि वह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को हटाकर तानाशाही व्यवस्था लागू करना चाहते हैं।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं की अपनी भूमिका और अधिकार हैं तथा राजनीतिक दलों को उनका सम्मान करना चाहिए।

राहुल गांधी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और चुनावी प्रक्रिया में कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर विज ने कहा कि “ज्ञानेश कुमार ने अपने संवैधानिक अधिकार के तहत मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने का काम किया है। इसमें गलत क्या है?”

विज ने कहा कि “मतदाता सूची में ऐसे लोगों के नाम नहीं होने चाहिए, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। जिन लोगों ने अपना पता छोड़ दिया है और दूसरी जगह चले गए हैं, उनके नाम भी संबंधित प्रक्रिया के तहत हटाए जाने चाहिए।” उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को दुरुस्त और अद्यतन रखना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।

‘अगर सूची पर भरोसा नहीं तो इस्तीफा दें’
विज ने विपक्षी दलों पर पलटवार करते हुए कहा कि “जिन राज्यों में विपक्षी दल चुनाव जीतकर सत्ता में आए हैं, वहां भी मतदाता सूचियां चुनाव आयोग ने ही तैयार की थीं। अगर विपक्ष को इन मतदाता सूचियों पर भरोसा नहीं है तो उन्हीं सूचियों के आधार पर चुनाव जीतकर पदों पर बैठे नेताओं को पहले अपने पदों से इस्तीफा देना चाहिए।”

एसआईआर के तहत मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर विज ने कहा कि “अगर कोई व्यक्ति दिए गए पते पर नहीं रहता, वहां से कहीं और चला गया है या उसकी मृत्यु हो चुकी है तो उसका नाम मतदाता सूची में क्यों रहना चाहिए? मतदाता सूची को सही करना चुनाव आयोग के अधिकार क्षेत्र का हिस्सा है।”

उन्होंने कहा कि “मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने का काम लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाला नहीं, बल्कि चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित करने वाला कदम है।” विज ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के काम का समर्थन करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही मतदाता सूचियों को अपडेट करना आवश्यक है।

रॉबर्ट वाड्रा मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई
हरियाणा में रॉबर्ट वाड्रा से जुड़े जमीन मामले में कार्रवाई के सवाल पर विज ने कहा, “सरकार संविधान और कानून के मुताबिक काम करती है। किसी भी मामले में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही कार्रवाई होती है। कानून के तहत जो भी सजा बनती है, वह दी जाएगी।”
गिरफ्तारी के सवाल पर विज ने कहा कि “गिरफ्तारी भी कानून और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही होती है। सरकार किसी व्यक्ति को राजनीतिक आधार पर निशाना नहीं बनाती। जो भी कार्रवाई होगी, वह कानून के मुताबिक होगी।”

‘काकरोच जनता पार्टी’ पर विज का तंज
युवाओं में चर्चित ‘काकरोच जनता पार्टी’ को लेकर विज ने कहा, “अभी तक इस पार्टी का केवल तमाशा ही सामने आया है। इन्होंने कोई सकारात्मक काम नहीं किया है।”

स्कूलों के निरीक्षण को लेकर उन्होंने कहा, “अगर किसी के पास शिक्षा व्यवस्था को लेकर कोई सुझाव है तो वह सुझाव दे सकता है। लेकिन अलग-अलग राज्यों में जाकर स्कूलों का निरीक्षण करना और फिर उसे तमाशे की तरह पेश करना कोई उचित तरीका नहीं है।” विज ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस सुझाव और काम होना चाहिए, न कि केवल राजनीतिक प्रदर्शन।

पंजाब में गठबंधन पर हाईकमान के फैसले के साथ
पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर विज ने कहा, “पार्टी हाईकमान की ओर से जो कहा जा रहा है, वही सही है। पार्टी नेतृत्व जो निर्णय करेगा, संगठन उसी के अनुसार आगे बढ़ेगा।”
उन्होंने कहा कि पंजाब से जुड़े राजनीतिक फैसले पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व परिस्थितियों और संगठनात्मक जरूरतों के अनुसार तय करता है।

राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने पर भी तंज
राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर विज ने अपने अंदाज में तंज कसते हुए कहा, “देश ने अभी ऐसे पाप नहीं किए हैं कि राहुल गांधी जैसे व्यक्ति प्रधानमंत्री बनें।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर भी विज ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “राहुल गांधी अब राजनेता के तौर पर काम करने के बजाय कॉमेडियन के तौर पर काम कर रहे हैं।”

‘Gen-Z’ के दावे पर DU चुनाव का हवाला
राहुल गांधी के ‘Gen-Z’ से जुड़ने के दावे पर विज ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव का हवाला दिया। उन्होंने कहा, “अगर राहुल गांधी Gen-Z से जुड़ने की बात करते हैं तो दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के चुनाव के परिणाम भी देख लेने चाहिए। वहां एबीवीपी ने प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है।” 

विज ने कहा कि युवाओं की राजनीतिक भागीदारी और उनकी पसंद का आकलन लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि “राजनीति में केवल दावे करने से नहीं, बल्कि जनता और युवाओं के बीच वास्तविक जुड़ाव से बात साबित होती है।”

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!