Edited By Isha, Updated: 21 Oct, 2026 08:10 AM

हरियाणा के टोहाना शहर के रामनगर इलाके में आवारा कुत्तों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि अब लोगों का सुबह-शाम घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। ताजा मामले में, रामनगर में सैर करके वापस अपने घर लौट रही एक महिला को आवारा कुत्तिया ने पीछे से आकर अचानक...
टोहाना (रमेश): हरियाणा के टोहाना शहर के रामनगर इलाके में आवारा कुत्तों का खौफ इस कदर बढ़ गया है कि अब लोगों का सुबह-शाम घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। ताजा मामले में, रामनगर में सैर करके वापस अपने घर लौट रही एक महिला को आवारा कुत्तिया ने पीछे से आकर अचानक काट लिया।
हमले के बाद महिला बुरी तरह घबरा गई और जैसे-तैसे कुछ दूरी पर पहुंची, लेकिन तभी तेज चक्कर आने के कारण वह सड़क पर ही अचेत होकर गिर पड़ी। गनीमत यह रही कि आसपास मौजूद लोगों की नजर तुरंत महिला पर पड़ गई। लोगों ने बिना देर किए महिला को संभाला और तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार और जरूरी दवाएं दीं।
इस घटना के बाद कॉलोनी के निवासियों में डर के साथ-साथ प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा भी देखने को मिल रहा है। कॉलोनीवासी प्रदीप धीमान, सुनील और दिनेश ने अपनी चिंता साझा करते हुए बताया कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही है। सुबह और शाम के वक्त सैर करने वाले नागरिकों, छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए गलियों से गुजरना किसी खतरे से खाली नहीं रह गया है। लोगों को हर पल अनहोनी का डर सताता रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों से जुड़े गंभीर और दर्दनाक हादसे पहले भी सामने आ चुके हैं। पूर्व में एक वृद्ध महिला के शव को आवारा कुत्तों द्वारा नोंचे जाने जैसी वीभत्स घटनाएं भी हो चुकी हैं, इसके बावजूद प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर पूरी तरह गंभीर नजर नहीं आ रहा है। रामनगर के त्रस्त निवासियों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से पुरजोर मांग की है कि इस मामले का तुरंत संज्ञान लिया जाए। क्षेत्र में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके और आम जनता को भयमुक्त माहौल मिल सके।