Edited By Krishan Rana, Updated: 09 Jun, 2026 07:52 PM

खंड साहा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत केसरी ने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान
साहा (अनिल शर्मा) : खंड साहा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत केसरी ने ग्रामीण विकास के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। गांव में करवाए गए चौतरफा विकास कार्यों और बेहतरीन प्रबंधन को देखते हुए सरकार द्वारा ग्राम पंचायत केसरी को 'मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार' से नवाजा गया है। प्रगतिशील गांवों की श्रेणी में मिला यह सम्मान न केवल केसरी पंचायत के लिए, बल्कि पूरे साहा क्षेत्र के लिए एक बड़े गौरव की बात है।
उत्कृष्ट कार्यों और विकास को मिला सम्मान
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार ग्राम पंचायत को उसके असाधारण और उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया गया है। पिछले कुछ समय में पंचायत ने गांव के इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छता अभियान, शिक्षा के स्तर को सुधारने, और सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में अनुकरणीय प्रदर्शन किया है। पानी की निकासी, पक्की गलियां, और पर्यावरण संरक्षण के साथ साथ
गांव में बच्चों के खेलने के लिए प्ले ग्राउंड बनाया गांव के चारों तरफ स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई। गांव में वाटर कूलर जैसी बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित करके पंचायत ने केसरी को एक मॉडल और प्रगतिशील गांव के रूप में विकसित किया है। इसी दूरदर्शी सोच और मेहनत का परिणाम है कि आज इस पंचायत को राज्य स्तर पर यह बड़ा सम्मान हासिल हुआ है।
सरपंच प्रतिनिधि रूपिंदर ने मुख्यमंत्री का आभार जताया
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए ग्राम पंचायत केसरी के सरपंच प्रतिनिधि रूपिंदर ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का सहदिल से धन्यवाद किया।
रूपिंदर सरपंच प्रतिनिधि ग्राम पंचायत केसरी ने कहा कि यह पुरस्कार केसरी गांव के प्रत्येक निवासी की जागरूकता और पंचायत टीम की कड़ी मेहनत का परिणाम है। हम माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी का आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने हमारे प्रयासों को सराहा और हमें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के योग्य समझा।"
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मिला यह सम्मान उनके हौसले को और बढ़ाएगा। इस पुरस्कार से प्रेरित होकर पंचायत भविष्य में गांव के विकास के लिए और अधिक ऊर्जा और निष्ठा के साथ काम करेगी। उनका लक्ष्य केसरी गांव को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर राज्य का सबसे अग्रणी गांव बनाना है।
ग्रामीणों में खुशी की लहर
केसरी पंचायत को मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार मिलने की खबर सुनते ही पूरे गांव में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत की सक्रियता और सही नेतृत्व के कारण ही आज गांव का नाम पूरे प्रदेश में चमक रहा है। इस सम्मान के बाद साहा खंड के अन्य गांवों में भी विकास कार्यों को लेकर एक नई प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिल रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)