Edited By Isha, Updated: 23 Oct, 2026 05:45 PM

: हरियाणा के पानीपत से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे 45 वर्षीय एक व्यक्ति का शुक्रवार को ऑपरेशन होना था, लेकिन ऑपरेशन के डर से वह घर से निकला और लौटकर नहीं आया।
पानीपत(सचिन): हरियाणा के पानीपत से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे 45 वर्षीय एक व्यक्ति का शुक्रवार को ऑपरेशन होना था, लेकिन ऑपरेशन के डर से वह घर से निकला और लौटकर नहीं आया। परिवार दिनभर उसकी तलाश में भटकता रहा, लेकिन अंत में जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी (शवगृह) से उसका शव मिला।
कैंसर से जूझ रहे 45 वर्षीय अशोक कुमार का शुक्रवार को ऑपरेशन होना था। परिवार को उम्मीद थी कि इससे उसकी जिंदगी बेहतर होगी, लेकिन ऑपरेशन से पहले ही वह ससुराल से शेव करवाने की बात कहकर निकल गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। कॉलोनी से लेकर सनौली रोड तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में अशोक ऑटो में बैठता दिखाई दिया। इसके बाद परिजन बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन तक उसे ढूंढते रहे। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आए एक व्यक्ति की सूचना मिली तो वे जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे। शव की पहचान अशोक के रूप में हुई। जिस दिन परिवार को उसके ऑपरेशन से नई उम्मीद थी, उसी दिन उसकी मौत की खबर ने सबको तोड़ दिया।
दो दिन से चल रहे थे टेस्ट, शुक्रवार को होना था ऑपरेशन
अशोक कुमार करनाल जिले के घोघड़ीपुर गांव का रहने वाला था। उसकी ससुराल पानीपत में वार्ड-11 चुंगी के पास सैनी कॉलोनी में है। वह इन दिनों यहीं रुका हुआ था। साले धर्मबीर के अनुसार, अशोक कई साल से बीमार था। शुरुआत में उसे बवासीर की शिकायत थी और बार-बार शौच के लिए जाना पड़ता था। बाद में जांच में गुदा द्वार पर कैंसर होने का पता चला। इसके बाद से उसका इलाज चल रहा था। बीमारी के कारण वह घर पर ही रहता था। पानीपत के एक निजी अस्पताल में उसका उपचार किया जा रहा था। पिछले दो दिनों से उसके टेस्ट हो रहे थे और शुक्रवार को ऑपरेशन होना था। परिजनों के अनुसार, अशोक ऑपरेशन को लेकर घबराया हुआ था। शुक्रवार सुबह वह शेव करवाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा।
सीसीटीवी में तलाशते हुए सनौली रोड पहुंचे परिजन
अशोक के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पहले आसपास उसकी तलाश की। कोई सुराग नहीं मिला तो सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखनी शुरू की। परिवार एक कैमरे से दूसरे कैमरे तक उसकी गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश करता रहा। तलाश करते हुए वे सनौली रोड तक पहुंचे। यहां फुटेज में अशोक एक ऑटो में बैठता दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक जगहों पर उसकी तलाश की। हर जगह उसके बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रेलवे स्टेशन पर पूछताछ के दौरान उन्हें ट्रेन की चपेट में आए एक व्यक्ति की सूचना मिली। इसके बाद वे जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह पहुंचे।