Edited By Isha, Updated: 01 Oct, 2026 08:04 AM

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज हिसार दौरे पर हैं। वे चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के दतोपंत ठेंगड़ी कृषि उद्यमिता स्थल (गेट नंबर-3, बालसमंद रोड) पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय कृषि मेले का आधिकारिक शुभारंभ करेंगे।
हिसार(विनोद): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज हिसार दौरे पर हैं। वे चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के दतोपंत ठेंगड़ी कृषि उद्यमिता स्थल (गेट नंबर-3, बालसमंद रोड) पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय कृषि मेले का आधिकारिक शुभारंभ करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 1:45 बजे कृषि मेले स्थल पर पहुंचेंगे।
मेले को लेकर प्रशासन और विश्वविद्यालय की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दो दिवसीय महाकुंभ में हरियाणा के अलावा पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से हजारों की संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद है। मेले में कुल 1 लाख से अधिक किसानों के शामिल होने का अनुमान लगाया गया है।
300 से अधिक स्टॉल और आधुनिक तकनीक का प्रदर्शन
किसानों की सहूलियत और कृषि क्षेत्र में नए नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए मेले में 300 से अधिक स्टॉल लगाई गई हैं। इन स्टॉल्स के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत बीजों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती और फसल विविधीकरण की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
45 प्रगतिशील किसान होंगे सम्मानित
इस भव्य आयोजन के दौरान कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेशभर के 45 प्रगतिशील किसानों को मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा सम्मानित किया जाएगा। कृषि को लाभ का धंधा बनाने और नए प्रयोग करने वाले इन किसानों को मंच पर प्रशस्ति पत्र व अन्य पुरस्कारों से नवाजा जाएगा।