जम्मू-कटरा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक में केलों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 8 क्विंटल चूरा पोस्त बरामद...3 की मौत

Edited By Isha, Updated: 25 Sep, 2026 01:19 PM

8 quintals of poppy straw being smuggled hidden beneath bananas in a truck

जम्मू-कटरा नेशनल हाईवे पर वीरवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद जब टक्कर मारने वाले ट्रक की जांच की गई तो उसमें केलों के नीचे छिपाकर रखे

कैथल (जयपाल रसूलपुर): जम्मू-कटरा नेशनल हाईवे पर वीरवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद जब टक्कर मारने वाले ट्रक की जांच की गई तो उसमें केलों के नीचे छिपाकर रखे करीब 40 कट्टे चूरा पोस्त बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार बरामद नशीले पदार्थ का वजन करीब 8 क्विंटल है। हादसे में नशीला पदार्थ ले जा रहे ट्रक चालक की भी मौत हो गई। पुलिस ने उसके खिलाफ नशा तस्करी का केस दर्ज किया है। हादसे में मरने वालों में रामनिवास पुत्र खजाना निवासी खरक पांडवा और अनिल पुत्र बलबीर निवासी भटनागर कॉलोनी, जींद की पहचान हुई है। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। वहीं रामनिवास के साथ ट्रक ठीक करने गया उसका साथी अमित गंभीर रूप से घायल हुआ है।
 
ट्रक दोबारा खराब हुआ तो मिस्त्री को बुलाया
परिजनों ने बताया कि रामनिवास की गांव खरक पांडवा में ट्रक मरम्मत की दुकान है। वीरवार को अनिल अपना ट्रक ठीक करवाने रामनिवास के पास आया था। रामनिवास ने ट्रक ठीक कर दिया, जिसके बाद अनिल ट्रक लेकर चला गया। रात करीब 8 बजे जम्मू-कटरा हाईवे पर पहुंचने के बाद ट्रक दोबारा खराब हो गया। इसके बाद अनिल ने रामनिवास को फोन कर मौके पर बुलाया। रामनिवास अपने साथी अमित के साथ ट्रक ठीक करने के लिए हाईवे पर पहुंचा।

 साइड में खड़े ट्रक में दिल्ली की तरफ से आए ट्रक ने मारी टक्कर:
रामनिवास और अमित ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और उसकी मरम्मत करने लगे। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से तेज गति से आए दूसरे ट्रक ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद शव ट्रक के हिस्सों में बुरी तरह फंस गए। पुलिस और राहत टीम ने जेसीबी की मदद से ट्रक के पार्ट हटवाकर शवों को बाहर निकाला। हादसे में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

केलों के नीचे छिपा रखे थे करीब 40 कट्टे
कलायत थाना पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल ट्रक की जांच करने पर उसमें बड़ी मात्रा में चूरा पोस्त मिला। ट्रक में ऊपर से केले लदे हुए थे, जबकि केलों के नीचे करीब 40 कट्टों में चूरा पोस्त छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया है। बरामद चूरा पोस्त का वजन करीब 8 क्विंटल बताया गया है।

मृतक चालक के खिलाफ नशा तस्करी का केस
कलायत थाना प्रभारी पीएसआई अमन ने बताया कि हादसा करने वाले ट्रक के चालक की भी हादसे में मौत हो गई है। ट्रक से करीब 8 क्विंटल चूरा पोस्त बरामद होने के आधार पर मृतक अज्ञात चालक के खिलाफ नशा तस्करी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब नशीले पदार्थ की सप्लाई कहां से हुई और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच कर रही है। हादसे में शामिल दूसरे ट्रक के चालक की पहचान भी फिलहाल नहीं हो पाई है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!