Edited By Harman, Updated: 06 Oct, 2026 02:29 PM

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अंबाला मंडल से फिलहाल चार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें नोटिफाई की जा चुकी हैं, जबकि पांच और स्पेशल ट्रेनों का प्रस्ताव भेजा गया है।
अंबाला (अमन कपूर) : त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अंबाला मंडल से फिलहाल चार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें नोटिफाई की जा चुकी हैं, जबकि पांच और स्पेशल ट्रेनों का प्रस्ताव भेजा गया है।
रेलवे अधिकारियों को उम्मीद है कि यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ इन ट्रेनों को भी जल्द नोटिफाई किया जाएगा। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी तैयारी है। त्योहारी सीजन शुरू होते ही रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। दशहरे से शुरू होने वाला यह सिलसिला छठ पूजा तक जारी रहने की उम्मीद है। ऐसे में यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए अंबाला मंडल ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अंबाला मंडल से फिलहाल चार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों को नोटिफाई किया जा चुका है। इनमें चंडीगढ़-पटना, चंडीगढ़-बनारस, अंबाला-मऊ और बठिंडा-बनारस के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।
वहीं, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अंबाला मंडल ने पांच और स्पेशल ट्रेनों का प्लान रेलवे को भेजा है। इनमें चंडीगढ़-कटिहार, चंडीगढ़-बनारस, चंडीगढ़-लखनऊ, बठिंडा-लखनऊ और सरहिंद-सहरसा रूट शामिल हैं। अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि इन ट्रेनों का प्लान बनाकर भेज दिया गया है। जैसे-जैसे यात्रियों की भीड़ बढ़ेगी, जरूरत के मुताबिक इन ट्रेनों को भी नोटिफाई किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ ट्रेनें एक अक्टूबर से ही नोटिफाई हो चुकी हैं, जबकि आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अन्य ट्रेनों को भी चलाया जा सकता है।
अंबाला मंडल की ओर से सिर्फ अतिरिक्त ट्रेनों पर ही फोकस नहीं किया जा रहा, बल्कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर भी खोले जाएंगे। जिन स्टेशनों पर यात्रियों की ज्यादा भीड़ रहती है, वहां जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी रेलवे अलर्ट रहेगा। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो और वे सुरक्षित तरीके से अपनी मंजिल तक पहुंच सकें।