Edited By Updated: 11 Dec, 2015 07:54 PM
बल्लभगढ़ इलाके के एक गांव में रहने वाली महिला देर रात नींद खुलने पर शौच के लिए घर से बाहर निकली थी
फरीदाबाद,(सूरजमल) : बल्लभगढ़ इलाके के एक गांव में रहने वाली महिला देर रात नींद खुलने पर शौच के लिए घर से बाहर निकली थी तभी अज्ञात लोगों ने उसे दबोच कर कोई नशीली चीज सुंघा दी। इससे महिला बेहोश हो गई। बाद में जब महिला को होश आया तो वह सुनसान स्थान पर स्थित एक मकान में थी। जहां गांव महमदपुर के दो युवक भी मौजूद थे। दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर बारी बारी दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
महिला ने घर पहुंचने पर यह बात डर की वजह से किसी को नहीं बताई। लेकिन बाद उसने हिम्मत कर परिजनों की मदद से पुलिस को शिकायत दे दी। महिला थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक एक गांव में रहने वाली एक महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह यहां परिवार के साथ रहती है। उसके परिवार के लोग गांव में ही खेतीबाड़ी करने का काम करते है। अन्य दिनों की तरह गत 13 अक्टूबर की रात को भी वह घर में सो गई थी। रात करीब ढाई बजे अचानक उसकी नींद खुल गई। वह शौच करने के लिए घर से बाहर निकली तो किसी ने उसका पीछे से मुंह बंद कर दिया और कोई नशीली चीज सुंघा दी। इससे वह बहोश हो गई। बाद में जब उसे होश आया तो वह एक मकान में मौजूद थी। जहां महमदपुर गांव में रहने वाला धनिन्द्र और गुडग़ांव निवासी पिंकू भी मौजूद थे।
उसके पूछने पर दोनों बताया कि वह इस गुडग़ांव में मौजूद है। उसने मकान से निकल कर भागने की कोशिश की तो दोनों उसके साथ जमकर मारपीट करने लगे। मारपीट करने के बाद दोनों ने उससे कुछ कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद दोनों ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दी। उसने विरोध करने का प्रयास किया तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। उसके सहम जाने पर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म करना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों धमकी देकर उसे गुडग़ांव बस स्टैंड पर छोड़ कर फरार हो गए।
महिला ने एक युवक की मदद से अपने पिता को फोन कर दिया। पिता उसे लेने के लिए गुडग़ांव पहुंचे और घर ले आए। घर आने के बाद उसने घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन लगातार उसे गुमसुम हालत में देख कर परिजनों ने भरोसा दिला कर पूछताछ की तो उसने सब कुछ बता दिया। इसके बाद उसने महिला थाने में शिकायत दे दी। पुलिस ने गैंगरेप का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।