Edited By Rakhi Yadav, Updated: 18 Jul, 2018 09:08 AM
अभय चौटाला एस.वाई.एल. मुद्दे पर चलाए जा रहे जेल भरो आंदोलन के तहत लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। उसी समय मंच पर डी.एस.पी. कुलदीप, एस.डी.एम. सतीश कुमार और शहर थाना प्रभारी जयसिंह...
भिवानी(मोटू): अभय चौटाला एस.वाई.एल. मुद्दे पर चलाए जा रहे जेल भरो आंदोलन के तहत लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। उसी समय मंच पर डी.एस.पी. कुलदीप, एस.डी.एम. सतीश कुमार और शहर थाना प्रभारी जयसिंह भी पहुंच गए। जब अभय चौटाला ने अपना भाषण खत्म किया तो डी.एस.पी. कुलदीप ने माइक सम्भाला। वे बोले तोशाम से 12 हजार से ज्यादा, बवानी खेड़ा से 10 हजार से ज्यादा, लोहारू से 9 हजार से ज्यादा और भिवानी हलके से 6 हजार से ज्यादा लोगों को मिलाकर यहां कुल 37,810 लोग आए हुए हैं। वे इन सब लोगों को सामूहिक रूप से गिरफ्तार करने का आदेश देते हैं। यह कहकर उन्होंने माइक छोड़ा तो एस.डी.एम. सतीश कुमार ने माइक सम्भाला। वे बोले इतने ज्यादा लोगों को एक साथ गिरफ्तार करने में समय लगेगा। इससे बाकि लोगों को भी परेशानी होगी।
इसलिए वे पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए सभी 37,810 लोगों को उनके निजी मुचलके पर रिहा करते हैं। एस.डी.एम. द्वारा माइक छोडऩे के बाद अभय चौटाला ने दोबारा माइक सम्भाला और सी.एम. मनोहर लाल खट्टर पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें कौन बताएगा कि भिवानी में इतने लोगों ने गिरफ्तारियां दी हैं। इस पर अधिकारियों सहित हजारों की संख्या में आए लोग हंसने लगे। अभय ने कहा कि रविवार को सी.एम. ने चांग में बोलते हुए कहा था कि इनैलो वाले हर जगह 500 लोग पहुंच जाते हैं और लिखवा 15 हजार देते हैं।
अगर अधिकारियों को सी.एम. को सही आकड़े देने हैं यहां बैठा हर व्यक्ति अपनी हाजिरी और गिरफ्तारी देने के लिए तैयार बैठा है। यह लोग तब तक नहीं उठने वाले जब तक इनकी गिरफ्तारी नहीं हो जाएगी। इस पर अधिकारी इतना ही बोले कि हो गया सब। इनैलो की इस रैली में भारी संख्या में वाहन आए हुए थे। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहर में 11 बजे से ही जाम लगना शुरू हो गया था जो रैली खत्म होनेे के बाद करीब साढ़े 4 बजे खुला।