Edited By Punjab Kesari, Updated: 11 Dec, 2017 05:49 PM
मॉडल टाऊन में ई.एन.टी. क्लीनिक चलाने वाले चिकित्सक के 2 बैंक खातों को आधार कार्ड से जोड़ने के नाम पर जानकारी लेकर अढ़ाई लाख उड़ाने का मामला सामने आया है। चिकित्सक ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया...
सोनीपत: मॉडल टाऊन में ई.एन.टी. क्लीनिक चलाने वाले चिकित्सक के 2 बैंक खातों को आधार कार्ड से जोड़ने के नाम पर जानकारी लेकर अढ़ाई लाख उड़ाने का मामला सामने आया है। चिकित्सक ने मामले की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। मुखीजा ई.एन.टी. क्लीनिक के चिकित्सक सुरेंद्र मुखीजा ने बताया कि उसके एस.बी.आई. में 2 बैंक खाते हैं। उसके मोबाइल पर 1 दिसम्बर को किसी का फोन आया था। फोन करने वाले ने कहा कि वह बैंक शाखा से बोल रहा है। आपके बैंक खाते आधार कार्ड से लिंक करने हैं जिसके चलते कुछ जानकारी चाहिए। इस पर वह उसके झांसे में आ गया और मोबाइल पर अपने दोनों बैंक खातों के बारे में जानकारी दे दी। ठगी करने वाले ने 1 दिसम्बर से 6 दिसम्बर के बीच उससे कई बार बातचीत की। मोबाइल नम्बर के ट्रयूकॉलर में भी उसका नम्बर बैंक से आ रहा था जिसके चलते उसे शक नहीं हुआ।
डा. सुरेंद्र मुखीजा ने बताया कि इसी बीच उसने अपने 2 कर्मियों को सैलरी के रूप में 10 हजार व साढ़े 4 हजार के चैक लिए थे। दोनों ही चैक बाऊंस हो गए। जब कर्मियों ने उसे बताया तो उसने खातों की जांच की। उसके खातों से 2 लाख 49 हजार 65 रुपए गायब थे। उसने पता किया तो जानकारी मिली कि उसके खाते से पैसे निकाले गए। जिस पर उसने मामले की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि जांच के बाद रविवार को धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।