Edited By Updated: 16 Oct, 2016 08:21 PM
ऐलनाबाद की अनाज मंडी में आयोजित भाजपा की विकास रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ऐलनाबाद के लिए...
सिरसा (सतनाम सिंह): ऐलनाबाद की अनाज मंडी में आयोजित भाजपा की विकास रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ऐलनाबाद के लिए 125 करोड़ रुपयों के विकास कार्यों की घोषणाएं की। साथ ही मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की लागत की दो विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व ऐलनाबाद में 5 करोड़ की लागत से बनने वाले भूमिगत रेलवे मार्ग का शिलान्यास भी किया। मंच से मुख्यमंत्री ने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने सभी काम अधूरे छोड़ दिए जिन्हें हम पूरा करवा रहे है। हमारी सरकार का मकसद प्रदेश का सम्पूर्ण विकास करवाना है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वे अब तक प्रदेश के 78 विधानसभा क्षेत्रों में विकास रैलियां कर चुके हैं ताकि स्थानीय समस्याओं का निदान और प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समान विकास हो सके। उन्होंने बताया कि वे 2000 से अधिक घोषणाएं कर चुके हैं। जिनमें से 1200 घोषणाएं या तो पूरी हो चुकी हैं या उन पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में भ्रष्टाचार व अव्यवस्था के कारण परियोजनाएं बीच में रुक जाती थी। हमने सरकार बनने के बाद सभी रुकी हुई परियोजनाओं पर तेज गति से काम शुरू करवाया और आज वे कम बजट और निर्धारित समय में पूरी कार्रवाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने रैली संयोजक पवन बेनीवाल द्वारा प्रस्तुत की गई सभी मांगों को स्वीकार करते हुए लगभग 125 करोड़ रुपयों के विकास कार्यों की घोषणाएं की। उन्होंने ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 15-15 करोड़ रुपये अलग से देने की घोषणा की।