नई OPD में लिफ्ट बंद होने से फंसा बुजुर्ग...PGI इमरजेंसी में तोड़ा दम (Watch Pics)
Edited By Updated: 25 Jul, 2016 04:19 PM
हरियाणा के रोहतक पी.जी.आई. में नई ओपीडी में लिफ्ट बंद होने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई।
रोहतक (दीपक भारद्वाज): हरियाणा के रोहतक पी.जी.आई. में नई ओपीडी में लिफ्ट बंद होने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार पी.जी.आई. में रणबीर सिंह ओपीडी में आज दोपहर करीब 12 बजे लिफ्ट नंबर एक में करीब एक दर्जन लोग थे। यह लिफ्ट तीसरी मंजिल पर जा रही थी। दूसरी मंजिल पर पहुंचने पर अचानक ही बिजली चली गई और लिफ्ट बंद हो गई।
फिर क्या था पी.जी.आई. के कर्मचारियों ने लिफ्ट में बंद लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। लिफ्ट के बीच कुछ स्थान बचा हुआ था। बाकी लोग तो आसानी से निकल गए, लेकिन एक बुजुर्ग को बाहर निकालते समय वह लिफ्ट के बीच बचे स्थान में फंस गया और फर्श पर आ गिरा। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इमरजेंसी में दाखिल करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक बुजुर्ग की पहचान उसके पास मिली पास बुक के आधार पर रोहतक की जनता कालोनी निवासी आनंद स्वरूप के रूप में हुई। इसके बाद में परिजनों को सूचित किया गया।