Edited By Updated: 28 Jun, 2016 09:56 AM
हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री कर्णदेव कम्बोज ने कहा कि प्रदेश में 1 नवंबर 2016 से उपभोक्ता अपनी इच्छानुसार अच्छे राशन
कुरुक्षेत्र: हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री कर्णदेव कम्बोज ने कहा कि प्रदेश में 1 नवंबर 2016 से उपभोक्ता अपनी इच्छानुसार अच्छे राशन की सप्लाई करने वाले डिपो होल्डर से राशन ले सकेगा। राज्य सरकार की तरफ से सार्वजनिक वितरण प्रणाली का सारा डाटा ऑनलाइन कर दिया जाएगा।
अहम पहलू यह है कि राज्य सरकार ने डिपो होल्डर का कमीशन भी दोगुना करने का निर्णय लिया है। राज्यमंत्री थानेसर विधायक सुभाष सुधा के निवास पत्रकारों से पर बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने और इस प्रणाली को लोगों के हक को मारने वाले लोगों का पर्दाफाश करने के उद्देश्य से ही पी.डी.एस. को ऑनलाइन करने का निर्णय लिया गया है। डिपो पर परिवार के किसी भी सदस्य द्वारा अंगूठा लगाने के बाद ही राशन मिल पाएगा।
उन्होंने कहा कि डिपो होल्डरों को 35 रुपए प्रति किंवटल के बजाए 70 रुपए प्रति किंवटल का कमीशन दिया जाएगा। इस मौके पर थानेसर विधायक सुभाष सुधा, जिला परिषद के चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी मौजूद थे।