Edited By Updated: 25 May, 2016 11:04 AM
पंचकूला के औद्योगिक प्लाट आबंटन मामले की जांच कर रही सी.बी.आई. अब जल्द ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पूछताछ कर सकती है।
चंडीगढ़: पंचकूला के औद्योगिक प्लाट आबंटन मामले की जांच कर रही सी.बी.आई. अब जल्द ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पूछताछ कर सकती है। सी.बी.आई. सूत्रों की मानें तो पूर्व मुख्यमंत्री से पूछताछ के लिए खाका तैयार हो गया है, जिसमें हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कई तत्कालीन अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं।
मामले में गत दिनों हुई छापामारी में सी.बी.आई. के हाथ कई अहम सुराग भी लगे हैं, वहीं इस घोटाले के कई दस्तावेज कथित तौर पर गायब भी हो गए हैं। सी.बी.आई. इन दस्तावेज की खोजबीन में जुट गई है।
पंचकूला में हुए औद्योगिक प्लाट आबंटन घोटाले में पिछले साल विजिलैंस ब्यूरो ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष, हुडा के तत्कालीन मुख्य प्रशासक एवं आई.ए.एस. अधिकारी डी.पी.एस. नागल, हुडा के तत्कालीन वित्तीय नियंत्रक एस.सी. कांसल, उप-अधीक्षक बी.बी. तनेजा के अलावा 13 आबंटियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस मामले की जांच सी.बी.आई. को सौंप दी थी।
सी.बी.आई. ने इस संबंध में गत दिनों दिल्ली, रोहतक, फरीदाबाद, पंचकूला, चंडीगढ़, गुडग़ांव, करनाल व कुरुक्षेत्र समेत 16 जगहों पर आवासीय, कार्यालय व सरकारी दफ्तरों में छापेमारी की थी।
सूत्रों की मानें तो इस दौरान सी.बी.आई. को जहां कई अहम जानकारियां मिली हैं वहीं इस घोटाले से संबंधित कई अहम दस्तावेजों के गायब होने के भी संकेत मिले हैं। छापों के दौरान एकत्र की जानकारी के आधार पर सी.बी.आई. अपनी जांच को आगे बढ़ाने की तैयारी में है। जिसके चलते पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को पूछताछ के लिए तलब किए जाने की तैयारी हो चुकी है।
प्लाट आबंटन के मानदंड
बिंदु असली मानदंड अंक बदले गए मानदंड
वित्तीय 25 -
शैक्षणिक योग्यता 05 00
उत्पादन कौशल 15 15
संबंधित अनुभव 25 00
एक्स-सर्विसमैन 03 03
महिला उद्यमी 03 03
ट्रेंड बेरोजगार 03 03
आऊटस्टीज 03 03
एक्सपैंशन 03 03
साक्षात्कार 15 25
---- --- ---
कुल 100 65