Edited By Punjab Kesari, Updated: 11 Jul, 2017 11:31 AM
सेवा, सुरक्षा, सहयोग देने वाली हिसार जिले की पुलिस की ओर पेट्रोल पंप मालिक का तकरीबन 20 लाख रुपए कई महीनों का बकाया है।
टोहाना (सुशील सिंगला):सेवा, सुरक्षा, सहयोग देने वाली हिसार जिले की पुलिस की ओर पेट्रोल पंप मालिक का तकरीबन 20 लाख रुपए कई महीनों का बकाया है। अगर यही स्थिति रही तो पंप मालिक तेल उधार पर देना बंद करेंगे, जिसके चलते पुलिस विभाग की गाड़ियों का पहिया थम सकता है। इसके चलते आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है और अपराधियों को फायदा मिल सकता है। जिले के हर शहर का पुलिस की ओर बकाया है तथा समय पर तेल के बिलों का भुगतान न करने से पेट्रोल पंप संचालक नाराज हो गए हैं।
एस.एच.ओ., पी.सी.आर. व राईडरों में विभिन्न शहरों के पंपों से उधार पर तेल डलवाया जाता है, जिनको जल्द अदायगी करने की बात की गई है। उकलाना की पी.सी.आर. व वायुदूत को नहीं मिलता। उकलाना में तेल बिलों की अदायगी समय न करने पर अब पेट्रोल पंप मालिक पुलिस विभाग की गाड़ियों में तेल डालने से पीछे हटने लगे हैं। यही कारण है कि उकलाना थाना में कार्यरत पी.सी.आर. और एक राईडर को उकलाना के पंपों पर कोई उधार में तेल नहीं दे रहा है। केवल एस.एच.ओ. की एक गाड़ी को ही तेल दिया जा रहा है। जिस कारण एक वायुदूत तेल के अभाव में चौकी में ही खड़ा है।
पेट्रोल पंप के मालिक अमित कुमार ने कहा कि पुलिस की ओर से तेल के बिलों की अदायगी समय पर नहीं की जा रही है। केवल एस.एच.ओ. की एक गाड़ी का 5 महीनों का 60 हजार रुपए का बकाया है, जिस कारण दूसरी गाड़ियों में तेल नहीं डाला जा रहा है। इस बारे में कई बार अधिकारियों से भी बातचीत की जा चुकी है। पुलिस के वायुदूत का भी काफी पुराना बिल बकाया है।