Edited By Punjab Kesari, Updated: 08 Nov, 2017 11:42 AM
मंगलवार को प्रदेशभर में धुंध का जबरदस्त अटैक देखने को मिला। कई शहरों में दृश्यता शून्य तक सिमट कर रह गई। सुबह चालकों को वाहनों की लाइट्स जलाकर रेंगते हुए गंतव्यों तक पहुंचना पड़ा। प्रदेशभर में आज 40 से अधिक दुर्घटनाएं हुईं जिनमें 6 लोगों की मौत हो...
अम्बालाःमंगलवार को प्रदेशभर में धुंध का जबरदस्त अटैक देखने को मिला। कई शहरों में दृश्यता शून्य तक सिमट कर रह गई। सुबह चालकों को वाहनों की लाइट्स जलाकर रेंगते हुए गंतव्यों तक पहुंचना पड़ा। प्रदेशभर में आज 40 से अधिक दुर्घटनाएं हुईं जिनमें 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 100 से अधिक लोग घायल हो गए। रोहतक में 6 सड़क हादसे हुए, जिनमें 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए। इसके अलावा हिसार में 10 वाहन भिड़ गए, इनमें एक स्कूल वाहन भी शामिल है। इसमें करीब 25 बच्चे घायल हो गए।
जबकि अन्य हादसे में 3 लोग घायल हो गए। कुरुक्षेत्र में 10 दुर्घटनाएं धुंध के कारण हुईं जिनमें 1 ट्रक क्लीनर की मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हो गए। इसी प्रकार कैथल में हुई 2 दुर्घटनाओं में 1 व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 6 लोग घायल हो गए। पानीपत में हुए 4 हादसों में 1 व्यक्ति ने जान गंवाई और 6 लोग घायल हुए हैं। सिरसा में 3 दुर्घटनाओं में 19 लोग घायल हो गए। इसके अलावा करनाल में हुई 3 दुर्घटनाओं में 19 लोग घायल हो गए जबकि 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, फतेहाबाद में धुंध के कारण 3 दुर्घटनाएं हुईं जिनमें 5 लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा भी कई जगहों पर दुर्घटनाएं होने के समाचार मिले हैं जिनमें वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।