Edited By Updated: 26 Mar, 2017 03:01 PM
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अपने एक दिवसीय दौरे के चलते आज कुरुक्षेत्र पहुंचे।
कुरुक्षेत्र:भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अपने एक दिवसीय दौरे के चलते आज कुरुक्षेत्र पहुंचे। नेशनल हाईवे से होते हुए जैसे ही शाह का काफिला कुरुक्षेत्र पहुंचा वहां स्वागत के लिए खड़े सैंकड़ों कार्यकर्ता बीजेपी का झंडा लिए जयघोष करने लगे। अमित शाह जैसे ही कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करने कार से बाहर निकले हाथों में गुलदस्ता लिए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने उनका स्वागत किया। इतने में अमित शाह का ध्यान आकर्षित करने के लिए हरियाणा सरकार में राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी उनके पैरों में गिर पड़े। राज्यमंत्री ने पार्टी के बॉस के पांव छूए लेकिन जब बॉस की निगाह नहीं पड़ी तो कुछ ही सैकेंड बाद मंत्री जी ने फिर से पांव छूए और दोनों हाथ जोड़कर अपने साथ आए लोगों का परिचय करवाया। हालांकि शाह वहां चंद मिनट ही रुक सके और उसके तुरंत बाद वह कुरुक्षेत्र की पंजाबी धर्मशाला में चल रहे भाजपा के तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गए।