Edited By Punjab Kesari, Updated: 26 Oct, 2017 03:59 PM
सेक्टर 25 स्थित जिमखाना क्लब के जिम में कसरत करते समय एक सिक्युरिटी गार्ड के दिमाग की नस फट गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का पता लगभग 6 घंटे बाद चला जब दूसरी शिफ्ट के सिक्युरिटी गार्ड वहां पहुंचे। मृतक की 24 नवंबर को शादी होनी थी। मृतक के...
पानीपत: सेक्टर 25 स्थित जिमखाना क्लब के जिम में कसरत करते समय एक सिक्युरिटी गार्ड के दिमाग की नस फट गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का पता लगभग 6 घंटे बाद चला जब दूसरी शिफ्ट के सिक्युरिटी गार्ड वहां पहुंचे। मृतक की 24 नवंबर को शादी होनी थी। मृतक के शव के नीचे एक्सरसाइज की रॉड पड़ी मिली। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार गोयला कलां निवासी 28 वर्षीय सिकंदर व उसका बड़ा भाई सुलेंद्र जिमखाना क्लब में एसके सिक्युरिटी के अंतर्गत काम करते थे। सिकंदर जिमखाना में ड्यूटी पर आया था। वह अकसर क्लब में ही अकेला जिम करता था। सुलेंद्र ने मंगलवार सुबह 9:30 बजे सिकंदर को टोका था कि वह घर क्यों नहीं गया। उसने कहा कि वह चला जाएगा। इसके बाद वह जिम करने चला गया। सुलेंद्र ड्यूटी खत्म करके चला गया। बाद में सिकंदर का फोन बंद मिला।
शिफ्ट चेंज हुई तो दूसरे सिक्युरिटी गार्ड वहां पहुंचे। वे रात में सोने के लिए लगभग 11 बजे कंबल लेने जिम में गए तो अंदर सिकंदर का शव पड़ा था। वह औंधे मुंह लोहे की राड पर गिरा हुआ था। उसके मुंह से खून बह रहा था। पेट पर राड का निशान था। उसका बैग व सप्लीमेंट पास में रखे थे।
जांच अधिकारी हवलदार जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिमखाना का क्लब बंद है। इसी वजह से सिकंदर अक्सर अकेला जिम करता था और काफी वजन उठाता था।मंगलवार शाम को भी सिकंदर ने राड में 60 किलो से ज्यादा वजन डाला और उसे उठाने का प्रयास किया। आशंका है कि बेकाबू होने की सिकंदर से वजन संभला नहीं और वह गिर गया। इसी दौरान दिमाग की नस फटने से उसकी मौत हो गई।