Edited By Updated: 19 May, 2017 05:48 PM
सोनीपत की युवती के मामले में अभी पुलिस अपनी जांच पूरी भी नहीं कर पाई कि अब रोहतक जिले के महम कस्बे के एक वार्ड की नाबालिग छात्रा ने अपहरण
रोहतक(दीपक भारद्वाज):सोनीपत की युवती के मामले में अभी पुलिस अपनी जांच पूरी भी नहीं कर पाई कि अब रोहतक जिले के महम कस्बे के एक वार्ड की नाबालिग छात्रा ने अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपी छात्रा को दो दिन तक घुमाते रहे। इसके बाद उसे महम के पास छोड़ दिया। किसी तरह से छात्रा अपने घर पहुंची और उसने पूरी कहानी अपने पिता को बताई। पिता ने महम डीएसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद पीड़ित को महिला थाने में भेज दिया गया। डीएसपी पुष्पा खत्री ने तुरंत एक्शन लेते हुए खुद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
छात्रा ने शिकायत दी है कि वह 16 मई को अपने पड़ोस में रहने वाले एक परिवार के यहां से लौट रही थी। उसी समय बाइक पर शनि और मोनू नाम के दो युवक आए और छात्रा को जबरन बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद आरोपी उसे महम के एक फार्म हाउस पर ले गए। छात्रा का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उसके साथ एक झोपड़ी में सामूहिक दुष्कर्म किया। छात्रा के अनुसार, इसके बाद देर रात में यहां पर एक स्विफ्ट कार आई। जिसमें एक महिला और एक पुरुष थे, जिन्हें वह नहीं जानती थी। इस कार में लड़की को जुलाना के एक होटल् में ले जाया गया। दोनों युवक भी कार में गए, लेकिन यहां पर होटल में उसके साथ कुछ नहीं किया गया। उसे होटल में ले जाकर धमकाया गया कि वह अपने परिजनों को इस संबंध में कुछ नहीं बताएगी। यदि उसने पुलिस कार्रवाई की तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। जिसके बाद आरोपी छात्रा को महम के पास एक स्थान पर छोड़ गए। किसी तरह से छात्रा अपने घर पहुंची और अपने साथ हुई वारदात के बारे में पिता को बताया।
छात्रा को लेकर उसका पिता डी.एस.पी. महम के पास पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। डी.एस.पी. महम के यहां से छात्रा के परिवार को महिला थाने में भेज दिया गया। महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज करके इस मामले की जांच शुरू कर दी। डी.एस.पी. ने बताया कि महम की एक छात्रा ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। दो को नामजद करते हुए दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने खुद फार्म हाउस पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की है। अभी मामले की जांच चल रही है। आरोपियों की भी तलाश जारी है।