Edited By Updated: 20 Jun, 2016 03:23 PM
ई-मैक्स कॉलेज बधौली में कार्यरत महिला प्रोफैसर ने अपने विभाग के एच.ओ.डी. पर अश्लील हरकतें व छेड़खानी का आरोप लगाया
मुलाना: ई-मैक्स कॉलेज बधौली में कार्यरत महिला प्रोफैसर ने अपने विभाग के एच.ओ.डी. पर अश्लील हरकतें व छेड़खानी का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत कलालटी चौकी में दी गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला प्रोफैसर ने शनिवार को कलालटी चौकी में अपने ही कालेज के एच.ओ.डी. रविंद्र वीर हुड्डा के खिलाफ अश्लील हरकत करने व छेडख़ानी का आरोप लगाते हुए मुकद्दमा दर्ज करवाया।
पीड़ित प्रोफैसर ने बताया कि एच.ओ.डी. रविंद्र वीर हुड्डा उसे पिछले 6 माह से लगातार तंग कर रहा था। वह पहले यह सहन करती रही कि शायद बाद में सब कुछ सामान्य हो जाएगा। महिला प्रोफैसर का आरोप है कि शुक्रवार दोपहर को 12.30 बजे रविंद्र ने उसे अपने कमरे में बुलाया। उसके मना करने के बावजूद उसे बिठाया और गलत नजरों से देखा व अश्लील हरकतें की। इसके बाद वह कमरे से उठकर बाहर आ गई। आरोप है कि रविंद्र महिला प्रोफैसर के पीछे-पीछे आया और उसने रोकने की कोशिश की।
इसी बीच महिला प्रोफैसर रोने लगी जिसके बाद मौके पर स्टाफ सदस्य आकाश राणा, पूजा, रुचिका व अन्य पहुंचे, जिन्हें मामले की जानकारी दी गई। आरोप है कि बाद में एच.ओ.डी. ने महिला प्रोफैसर को धमकियां भी दीं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच आरंभ कर दी है। चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी रविंद्र पर 354, 506 के तहत मामला दर्जकर उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे हिरासत में भेज दिया गया है।